विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हवा में ही रॉकेट को कैच कर स्पेसएक्स ने रचा नया इतिहास, अंतरिक्ष से सुरक्षित लौटा यान

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:36 PM (IST)

स्पेसएक्स के विशाल स्टारशिप यान ने पृथ्वी की कक्षा से लौटने के बाद दक्षिण टेक्सास में अपने लॉन्च स्थल पर सफल लैंडिंग की।

स्पेसएक्स स्टारशिप ने रचा इतिहास

स्पेसएक्स स्टारशिप ने रचा इतिहास

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, टेक्सास। अंतरिक्ष अभियानों में रॉकेट के दोबारा इस्तेमाल की दिशा में स्पेसएक्स ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। एलन मस्क की कंपनी के विशाल स्टारशिप यान ने शनिवार को पृथ्वी की कक्षा से लौटने के बाद दक्षिण टेक्सास स्थित अपने लांच स्थल पर सफल लैंडिंग की।

खास बात यह रही कि यान जमीन पर उतरने के बजाय लांच टावर पर लगी दो विशाल यांत्रिक भुजाओं के बीच आकर थम गया। इन भुजाओं को ‘मेकाजिला’ नाम दिया गया है। अंतरिक्ष से लौटे किसी विशाल यान को इस तरह पकड़ने का यह पहला सफल प्रयास है।

स्पेसएक्स पिछले एक दशक से अपने छोटे फाल्कन-9 रॉकेट के बूस्टर को वापस उतारकर दोबारा इस्तेमाल करती रही है। लेकिन उनका ऊपरी हिस्सा हर बार छोड़ना पड़ता था। स्टारशिप को शुरू से ही पूरी तरह पुन: इस्तेमाल योग्य बनाया गया है। ऐसे में इसके ऊपरी चरण को भी अंतरिक्ष से सुरक्षित वापस लाना बड़ी तकनीकी चुनौती थी।

करीब 170 फुट लंबा स्टारशिप 260 किमी की ऊंचाई पर लगभग 27359 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से कक्षा में परिक्रमा कर रहा था। इसके बाद इंजन चालू कर इसे कक्षा से बाहर निकाला गया। वायुमंडल में प्रवेश के दौरान घर्षण से यान का निचला हिस्सा गर्म हुआ और इसकी गति कम हुई।

विशेष फ्लैप की मदद से दिशा नियंत्रित करते हुए यान टेक्सास स्थित स्टारबेस पहुंचा। अंतिम क्षणों में इंजन चालू हुए और यान सीधा होकर टावर की दोनों भुजाओं के बीच आ गया।

बूस्टर की वापसी में आई अड़चन

यह स्टारशिप की 15वीं परीक्षण उड़ान थी। हालांकि, मिशन पूरी तरह सफल नहीं रहा। इसका निचला बूस्टर चरण 'सुपर हेवी' अलग होने के बाद तकनीकी समस्या के कारण लांच टावर पर नहीं लौट सका। उसने मेक्सिको की खाड़ी में उतरने का अभ्यास किया। कंपनी इसकी जांच कर रही है।

दूसरी ओर, स्टारशिप ने कक्षा में 26 नई पीढ़ी के स्टारलिंक उपग्रह भी तैनात किए। करीब 22 घंटे और पृथ्वी की 14 परिक्रमा पूरी करने के बाद यह वापस लौटा।

चंद्रमा और मंगल तक पहुंचने की तैयारी

इस सफलता को नासा के आर्टेमिस कार्यक्रम के लिए भी अहम माना जा रहा है। चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्रियों को उतारने के लिए स्टारशिप के एक संस्करण का इस्तेमाल प्रस्तावित है।

हालांकि, चंद्रमा तक पहुंचने के लिए अंतरिक्ष में ही दूसरे यान से ईंधन भरने की तकनीक विकसित करना जरूरी होगा।

नासा प्रमुख जारेड आइजैकमैन और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने इस उपलब्धि पर स्पेसएक्स को बधाई दी। एलन मस्क ने भी अपनी इंजीनियरिंग टीम की सराहना की। स्पेसएक्स की योजना आने वाले समय में स्टारशिप के प्रक्षेपण की गति बढ़ाने और फ्लोरिडा में नए लांच पैड का इस्तेमाल शुरू करने की है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।