नई गवर्नर के सख्त नियमों से पहले SpaceX का बड़ा कदम, टेक्सस में नेचुरल गैस पावर प्लांट लगाने का मिला परमिट
एलन मस्क की स्पेसएक्स को टेक्सस के बोका चिका में $24 अरब के सुपरकंप्यूटिंग कॉम्प्लेक्स के लिए नेचुरल गैस पावर प्लांट लगाने का वायु प्रदूषण परमिट मिल गया है।

स्पेसएक्स को टेक्सस में नेचुरल गैस पावर प्लांट परमिट मिला। (फोटो- रॉयटर्स)
HighLights
स्पेसएक्स को टेक्सस में नेचुरल गैस पावर प्लांट परमिट मिला।
24 अरब डॉलर का सुपरकंप्यूटिंग कॉम्प्लेक्स बोका चिका में बनेगा।
नई गवर्नर के शपथ से पहले मिली अहम मंजूरी।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) को टेक्सस के बोका चिका में एक नेचुरल गैस पावर प्लांट लगाने के लिए वायु प्रदूषण परमिट मिल गया है। कंपनी को यह अहम मंजूरी डेमोक्रेटिक गवर्नर-इलेक्ट जीना हिनोजोसा के पदभार संभालने से कुछ ही हफ्ते पहले मिली है।
यह पावर प्लांट ब्राउनसविले के पूर्व में प्रस्तावित एक विशाल सुपरकंप्यूटिंग कॉम्प्लेक्स का हिस्सा है। स्टारबेस शहर के अनुमान के मुताबिक, इस पावर प्लांट के कंप्यूटिंग सुविधा के शुरुआती चरणों में करीब 24 अरब डॉलर का भारी-भरकम खर्च होगा।
डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स से हटी रोक, तीन को मिली हरी झंडी
टेक्सस कमीशन ऑन एनवायर्नमेंटल क्वालिटी ने पिछले हफ्ते डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स के लिए परमिट पर लगी रोक हटाते हुए तीन 'एयर परमिट'जारी किए। स्पेसएक्स के अलावा इन मंजूरियों में एक ऐसा पावर प्लांट भी शामिल है जो सैन मार्कोस के पास क्लाउडबर्स्ट डेटा सेंटर को बिजली देगा और एबिलिन के उत्तर-पूर्व में स्थित एटलस एनर्जी सॉल्यूशंस का एक प्लांट भी शामिल है।
परमिट जारी करने से पहले निवर्तमान रिपब्लिकन गर्वनर ग्रेग एबॉट के कार्यालय ने एजेंसी को बताया कि राज्य के ग्रिड ऑपरेटर ने इस बात की जानकारी जुटा ली है कि डेटा सेंटर स्थानीय समुदायों को कैसे प्रभावित कर सकते हैं।
नई गवर्नर के सख्त रुख से पहले काम शुरू करने का मौका
यह मंजूरी डेवलपर्स को जनवरी में टेक्सस के सांसदों के लौटने और नई सरकार के कामकाज संभालने से पहले निर्माण कार्य शुरू करने का मौका देती है। दरअसल, 1990 के बाद टेक्सस की गवर्नर चुनी जाने वाली पहली डेमोक्रेट जीना हिनोजोसा ने चुनाव प्रचार के दौरान डेटा सेंटर उद्योग को लेकर कड़े रुख के संकेत दिए थे।
उन्होंने नए डेटा सेंटरों के विकास पर रोक लगाने, इस सेक्टर को मिलने वाली टैक्स छूट खत्म करने और प्रोजेक्ट्स की जगह तय करने में स्थानीय लोगों को ज्यादा अधिकार देने का वादा किया था। हालांकि, चुनाव से पहले निवर्तमान गवर्नर एबॉट ने भी निगरानी सख्त करते हुए डेवलपर्स से अपना खर्च खुद उठाने, पानी की व्यवस्था करने और पावर ग्रिड की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा था।
स्पेसएक्स के इस प्रोजेक्ट पर अभी एक स्थानीय फैसला आना बाकी है। पोर्ट ऑफ ब्राउनसविले के पास करीब 444 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस प्रोजेक्ट के लिए प्रस्तावित प्रॉपर्टी टैक्स छूट पर स्टारबेस के कमिश्नर 9 दिसंबर को एक सार्वजनिक सुनवाई (Public Hearing) करेंगे।
अपने खुद के पावर प्लांट क्यों बना रहे हैं डेटा सेंटर?
टेक कंपनियों और डेटा सेंटर डेवलपर्स अब पावर ग्रिड पर निर्भर रहने के बजाय ऑन साइट बिजली पैदा करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके पीछे कई वजह हैं। अगस्त में इलेक्ट्रिक रिलायबिलिटी काउंसिल ऑफ टेक्सस के पास 474 गीगावाट से ज्यादा बिजली कनेक्शन के आवेदन आए थे।
सितंबर तक इनमें से 204 प्रोजेक्ट्स (66.4 गीगावाट) को अस्थायी मंजूरी मिली, जबकि 158 अन्य प्रोजेक्ट्स (127.9 गीगावाट) अभी जांच के दायरे में हैं, जिन्हें लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
फाइनेंशियल टाइम्स द्वारा उद्धृत 'क्लीनव्यू' (Cleanview) के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में खुद बिजली पैदा करने की योजना बना रहे 59 डेटा सेंटरों की कुल 90 गीगावाट क्षमता का लगभग आधा हिस्सा अकेले टेक्सस में है। यहां प्राकृतिक गैस की आसानी से उपलब्धता और मजबूत पाइपलाइन नेटवर्क इसे पसंदीदा जगह बनाते हैं।
जनरेटर आपूर्तिकर्ता कंपनी 'ईरॉक' (ERock) के सीईओ जॉन कैरिंगटन के मुताबिक, अगर टेक्सस में नियम ज्यादा सख्त होते हैं, तो अर्कांसस, ओक्लाहोमा और वेस्ट वर्जीनिया जैसे राज्य इन प्रोजेक्ट्स को अपने यहां आकर्षित करने के लिए तैयार बैठे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।