विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं ईरानी बिजनेसवुमन शमीम माफी, जिन्हें अमेरिका में किया गया गिरफ्तार? ड्रोन, हथियारों और बम की तस्करी का आरोप

Published: Mon, 20 Apr 2026 09:45 AM (IST)

शमीम माफी को लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर ईरान सरकार के लिए हथियारों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। ...और पढ़ें

लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार हुई शमीम माफी की फाइल फोटो। (सोर्स - X@USAttyEssayli)

लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार हुई शमीम माफी की फाइल फोटो। (सोर्स - X@USAttyEssayli)

HighLights

  1. शमीम माफी लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर हथियारों की तस्करी में गिरफ्तार

  2. ईरान सरकार के लिए ड्रोन, बम बेचने का आरोप

  3. दोषी पाए जाने पर 20 साल तक की जेल संभव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार की रात एक महिला को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, महिला पर आरोप है कि वह ईरान की सरकार के लिए हथियारों की तस्करी करती थी। कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के लिए अमेरिकी अटॉर्नी ऑफिस के अनुसार, महिला का नाम शमीम माफी है, वह माफी वुडलैंड हिल्स की रहने वाली है। उसकी उम्र 44 साल है और उस पर ईरानी-निर्मित ड्रोन, बम, बम फ्यूज और लाखों राउंड गोला-बारूद से जुड़े सौदों की दलाली करने का आरोप है, जिसे सूडान भेजा जाना था।

अमेरिकी अटॉर्नी बिल एसेली ने X पर पोस्ट किए गए अपने एक बयान में कहा, "कल रात, वुडलैंड हिल्स की 44 साल की शमीम माफी को लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरान सरकार की ओर से हथियारों की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उस पर ईरान द्वारा निर्मित और सूडान को बेचे गए ड्रोन, बम, बम फ्यूज और लाखों राउंड गोला-बारूद की बिक्री की दलाली करने का आरोप है।"

20 साल की हो सकती है सजा

कोर्ट में अगर महिला को दोषी ठहराया जाता है, तो उसे फेडरल जेल में ज्यादा से ज्यादा 20 साल की सजा हो सकती है। जांचकर्ताओं का आरोप है कि माफी ने इन सौदों को आसान बनाने के लिए ओमान में रजिस्टर्ड एक कंपनी, एटलस इंटरनेशनल बिजनेस का इस्तेमाल किया; इनमें से कुछ सौदे कथित तौर पर 2025 तक जारी रहें।

 

वहीं, अदालत के दस्तावेजो में जिन लेन-देन का जिक्र है, उनमें ईरान के रक्षा मंत्रालय और सशस्त्र बल लॉजिस्टिक्स द्वारा निर्मित Mohajer-6 सशस्त्र ड्रोन के लिए 70 मिलियन डॉलर से ज्यादा का एक अनुबंध भी शामिल है। ये ड्रोन, और इनके साथ हजारों बम फ्यूज, कथित तौर पर सूडान के रक्षा मंत्रालय को सप्लाई किए गए थे, जो 2023 से एक हिंसक गृह युद्ध में उलझा हुआ है।

2016 में अमेरिका की स्थायी निवासी बनी थी

अधिकारियों का यह भी दावा है कि फोन रिकॉर्ड से पता चलता है कि माफी दिसंबर 2022 और जून 2025 के बीच ईरान के खुफिया और सुरक्षा मंत्रालय के सीधे संपर्क में थी। अभियोजकों का कहना है कि उसके पास इस तरह के लेन-देन करने के लिए जरूरी कानूनी अनुमति नहीं थी। माफी एक ईरानी नागरिक है, जिसने 2013 में अपना वतन छोड़ दिया था और 2016 में संयुक्त राज्य अमेरिका की कानूनी स्थायी निवासी बन गई थी।

इन आरोपों के बावजूद, उसकी सार्वजनिक छवि काफी अलग दिखाई देती थी। वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी आलीशान जीवनशैली की तस्वीरें शेयर करती थीं, जिनमें उनकी विदेश यात्राओं और एक महंगी मर्सिडीज-बेंज रोडस्टर के साथ पोज देते हुए की तस्वीरें शामिल थीं।

यह भी पढ़ें- सीजफायर उल्लंघन, ज्यादा डिमांड... ईरान ने अमेरिका के साथ दूसरे राउंड की बातचीत से क्यों किया इनकार?