अमेरिका: कैलिफोर्निया की सबसे बड़ी मस्जिद में गोलीबारी, सुरक्षा गार्ड समेत 5 लोगों की मौत
कैलिफोर्निया के सैन डिएगो स्थित एक मस्जिद में हुई गोलीबारी में सुरक्षा गार्ड सहित पांच लोगों की मौत हो गई।

सैन डिएगो मस्जिद में खूनी गोलीबारी (फोटो- रॉयटर्स)
HighLights
सैन डिएगो मस्जिद में अंधाधुंध गोलीबारी, पांच लोगों की मौत।
दो किशोर संदिग्ध भी मृत पाए गए।
घटना को 'घृणा अपराध' मानकर पुलिस कर रही जांच।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के कैलिफोर्निया में सैन डिएगो स्थित मज्जिद में सोमवार को अंधाधुंध गोलीबारी हुई। इस दुर्घटना में सुरक्षा गार्ड सहित पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
बाद में दोनों संदिग्ध किशोर भी एक वाहन में मृत पाए गए। पुलिस के अनुसार दोनों ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
अमेरिका में मस्जिद पर गोलीबारी
यह केंद्र सैन डिएगो काउंटी की सबसे बड़ी मस्जिद है और इसमें अल रशीद स्कूल भी शामिल है जो 5 वर्ष और उससे अधिक आयु के छात्रों के लिए अरबी भाषा, इस्लामी अध्ययन और कुरान के पाठ्यक्रम प्रदान करता है।
सैन डिएगो काउंटी की इस सबसे बड़ी मस्जिद में हुए इस खूनी हमले को पुलिस 'घृणा अपराध' (Hate Crime) मानकर जांच कर रही है। यह भीषण हमला उस समय हुआ जब मस्जिद के भीतर बच्चों का स्कूल चल रहा था और गैर-मुस्लिमों का एक समूह इस्लाम के बारे में जानने के लिए वहां आया हुआ था।
सैन डिएगो पुलिस प्रमुख स्कॉट वाहल ने घटनास्थल के सामने एक पड़ोस के पार्क में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। पुलिस प्रमुख ने बताया कि सोमवार को सैन डिएगो की एक मस्जिद में हुई गोलीबारी में तीन पुरुषों की मौत हो गई और दो किशोर संदिग्ध भी मृत पाए गए। वाहल ने कहा कि मामले की जांच घृणा अपराध के रूप में की जा रही है।
हवाई टीवी फुटेज में एक दर्जन से अधिक बच्चे हाथ पकड़े हुए पुलिस वाहनों से घिरे केंद्र के पार्किंग स्थल से बाहर निकलते हुए दिखाई दिए। सफेद मस्जिद घरों, अपार्टमेंटों और शॉपिंग मॉल से घिरे एक इलाके में स्थित है, जहां मध्य पूर्वी रेस्तरां और बाजार भी हैं।
वहीं, कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूजॉम के कार्यालय ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
सुरक्षा गार्ड ने अपनी जान देकर बचाई लोगों की जान
अधिकारियों के मुताबिक एक संदिग्ध की मां ने घटना से करीब दो घंटे पहले पुलिस को सूचना दी थी कि उसका बेटा आत्मघाती प्रवृत्ति का है और घर से कई हथियार लेकर फरार हो गया है।
हमले में मस्जिद के सुरक्षा गार्ड की भी मौत हुई। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा गार्ड ने हमलावरों को रोकने की कोशिश कर कई लोगों की जान बचाई।
घटना के समय मस्जिद परिसर में मौजूद स्कूल के सभी बच्चे सुरक्षित बचा लिए गए। यह हमला ईद-उल-अजहा और हज से ठीक पहले हुआ है, जिससे मुस्लिम समुदाय में गहरी चिंता और भय का माहौल है।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
