जी-20 बैठक में रूसी विदेश मंत्री लावरोव का विरोध, ग्रुप फोटो सेशन कार्यक्रम रद
कई यूरोपीय देशों के राजनयिकों ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ फोटो खिंचवाने पर एतराज जताया और ग्रुप ...और पढ़ें

जी-20 बैठक में रूसी विदेश मंत्री लावरोव का विरोध
HighLights
यूरोपीय राजनयिकों का लावरोव के साथ फोटो खिंचवाने पर एतराज
अटलांटा में बैठक कर रहे चीन-रूस सहित जी-20 देशों के बीच मतभेद
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की अध्यक्षता में हो रही यह बैठक
विदेश मंत्री जयशंकर भी बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं अटलांटा
एपी, अटलांटा। दुनिया की 20 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी-20 के शीर्ष राजनयिक अमेरिका के अटलांटा में बैठक कर रहे हैं। इनमें रूस और चीन के राजनयिक भी शामिल हैं। इस समूह के देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा व व्यापार को खतरा पैदा करने वाले कई युद्धों और अन्य वैश्विक संकट पर गहरे मतभेद नजर आ रहे हैं।
इसका नजारा बैठक शुरू होने से पहले ही दिखा, जब कई यूरोपीय देशों के राजनयिकों ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ फोटो खिंचवाने पर एतराज जताया और ग्रुप फोटो सेशन से बाहर निकलने की धमकी दी। इसके चलते ग्रुप फोटो सेशन को रद कर दिया गया।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो शुक्रवार और शनिवार को हो रही दो दिवसीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। विदेश मंत्रियों की इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर भी अटलांटा पहुंच गए हैं।
यह बैठक दिसंबर में मियामी में राष्ट्रपति ट्रंप की मेजबानी में होने वाले जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन की जमीन तैयार करेगी। जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक में ऐसे कई विवादित मुद्दे हैं, जिन पर समूह के बीच सहमति बनने की संभावना कम दिख रही है।
इनमें रूस-यूक्रेन संघर्ष, ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल का युद्ध, अमेरिकी टैरिफ और दक्षिण चीन सागर में चीन की गतिविधियां शामिल हैं। इन सभी कारणों से ईंधन की वैश्विक कीमतों में उछाल आया है और व्यापार को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, बैठक में उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता नौवहन की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर मतभेद दूर करना है। विशेष रूप से होर्मुज स्ट्रेट, लाल सागर, काला सागर और दक्षिण चीन सागर पर चर्चा होगी।
इसमें ईरान, रूस-यूक्रेन संघर्ष और चीन तथा उसके छोटे पड़ोसियों से जुड़े मुद्दे शामिल होंगे। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, जी-20 के कुछ देशों ने इस बात पर चिंता जताई है कि यूक्रेन पर हमला बढ़ने के बीच अमेरिका ने रूस को आमंत्रित किया है। अटलांटा में रूस का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव कर रहे हैं।
नए हमले की आशंका के बीच बैठक
जी-20 बैठक पर ईरान में अमेरिका के नए सैन्य हस्तक्षेप की आशंका का साया है। इससे जी-20 के सदस्य सऊदी अरब समेत पूरा क्षेत्र चिंतित है।
एसोसिएटेड प्रेस ने खबर दी है कि अमेरिकी अधिकारियों ने पश्चिम एशिया के कई देशों और क्षेत्रीय सहयोगियों से कहा है कि वे मंगलवार को अमेरिका में होने वाले मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर संभावित नए हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।