न्यूयॉर्क: एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़कर प्रपोज करने की सजा- देश निकाला? क्या रूसी कपल को अमेरिका से किया जाएगा डिपोर्ट
रूसी कपल एंजेला निकोलाउ और इवान कुजनेत्सोव, जिन्होंने एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़कर सगाई की थी, अब अमेरिका से डिपोर्ट किए जा सकते हैं।

रूसी कपल को अमेरिका से किया जाएगा डिपोर्ट (फोटो-@angela_nikolau/Instagram)
HighLights
रूसी कपल ने एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़कर सगाई की थी।
अब उन्हें अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने का खतरा है।
रूस लौटने पर युद्ध या जेल का सामना संभव।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। न्यूयॉर्क शहर की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़ाई करके सगाई करने का रूसी कपल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। रूस के इस कपल को अब अमेरिका से निकाला जा सकता है।
33 वर्षीय एंजेला निकोलाउ और 32 वर्षीय इवान कुजनेत्सोव ने जुलाई 2026 में न्यूयॉर्क की इस गगनचुंबी इमारत पर चढ़ाई की थी। वहां उन्होंने एक झंडा लहराया, जिस पर लिखा था- 'जब प्यार की ताकत, सत्ता के प्यार पर हावी हो जाती है, तब दुनिया में शांति आती है।' इसके तुरंत बाद कुजनेत्सोव ने निकोलाउ को प्रपोज किया था।
अमेरिका से किया जा सकता है डिपोर्ट
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के मॉस्को से ताल्लुक रखने वाले एंजेला और इवान, सरकारी वकीलों (प्रॉसिक्यूटर्स) के साथ एक समझौते पर बातचीत कर रहे थे। हालांकि, मैनहट्टन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ऑफिस से आए एक ईमेल के बाद यह समझौता रद हो गया।
रूसी कपल के वकील, नोम बियाले ने बताया कि उनकी टीम ने सरकारी वकीलों के उस प्रस्ताव को मान लिया था, जिसमें उन्हें छोटे अपराध का दोषी मानते हुए अपना जुर्म कबूल करना था। इसके बदले में, उन्हें उन गंभीर इमिग्रेशन परिणामों (जैसे देश निकाला) से बचाया जा सकता था। लेकिन सुनवाई से एक रात पहले ही इस समझौते को वापस ले लिया गया।
एंजेला निकोलाउ की आंखों में आंसू
रूस का यह कपल गुरुवार, 12 नवंबर को न्यूयॉर्क की एक क्रिमिनल कोर्ट में सुनवाई के लिए पेश हुआ। इस दौरान, डिपोर्टेशन (देश निकाले) के खतरे को देखते हुए एंजेला निकोलाउ की आंखों में आंसू आ गए।
मीडिया से बात करते हुए कुजनेत्सोव ने कहा, 'हमने किसी संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। हमारा इरादा किसी को खतरे में डालने का नहीं था। हम बस प्यार का संदेश देना चाहते थे और हम अपना बचाव करने के लिए तैयार हैं।'
एंजेला निकोलाउ ने आगे कहा, 'हम शांति का संदेश देना चाहते थे। आज दुनिया में इतना दुख है, ऐसे में हम एक ऐसा प्रदर्शन करना चाहते थे जो लोगों के दिलों में बस जाए।'
वापस रूस भेजे जाने पर कपल के साथ क्या होगा?
बियाले ने कहा, 'अगर उन्हें वापस रूस भेज दिया जाता है, तो लगभग तय है कि इवान कुजनेत्सोव को यूक्रेन के युद्ध में लड़ने के लिए भेज दिया जाएगा और एंजेला निकोलाउ को उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति के लिए जेल हो सकती है।'
इस जोड़े के रिश्ते और ऊंची इमारतों पर चढ़ने के उनके शौक पर 2024 में नेटफ्लिक्स की एक डॉक्यूमेंट्री 'स्काईवॉकर्स: ए लव स्टोरी' (Skywalkers: A Love Story) बनी है, जिसका प्रीमियर जनवरी 2024 में सनडांस फिल्म फेस्टिवल में हुआ था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।