यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Russia-Ukraine War: संयुक्त राष्ट्र की बैठक में यूक्रेन ने रूस को सुनाई खरी-खोटी, बताया आतंकवादी देश
रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए ताबड़तोड़ हमलों को देखते हुए तत्काल रूप में बुलाई गई इस बैठक में रूस ...और पढ़ें

न्यूयार्क, एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र की बैठक में सोमवार देर रात रूस और यूक्रेन भिड़ गए। सोमवार को शुरू हुई इस बैठक में यूक्रेन ने रूस को आतंकी देश बताया। रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए ताबड़तोड़ हमलों को देखते हुए तत्काल रूप में बुलाई गई इस बैठक में रूस की हमला करने के लिए निंदा की गई। बता दें कि यह बैठक पूर्वनिर्धारित थी, जिसमें रूस द्वारा यूक्रेन के चार क्षेत्रों पर कब्जा करने पर बहस होनी थी। लेकिन रूसी हमले के बाद चिंतित अंतरराष्ट्रीय समुदाय को जल्दबाजी में यह बैठक बुलानी पड़ी।
रूस को बताया आतंकी देश
यूक्रेन के राजदूत सर्गेई किस्लित्स्या ने रूसी हमले का जिक्र किया और कहा कि बमबारी इतनी ज्यादा थी कि उनके कुछ करीबी रिश्तेदार एक आवासीय इमारत में फंस गए। उन्होंने कहा कि अपने घरों में सो रहे नागरिकों पर मिसाइल हमले करके या स्कूलों में जाने वाले बच्चों को निशाना बनाकर रूस ने यह दिखा दिया है कि यह एक आतंकवादी देश है जिसे मजबूत तरीके से रोका जाना चाहिए।

रूस बोला- लिया बदला
रूस ने इस बीच अपनी सफाई में कहा कि उसने सैन्य और ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया। लेकिन कुछ मिसाइलें नागरिक क्षेत्रों में धराशायी हो गईं। रूस ने कहा है कि वह एक क्रेमलिन से जोड़ने वाले पुल को यूक्रेन द्वारा निशाना बनाने के लिए जवाबी कार्रवाई कर रहा था।
गुटेरेस बोले- हमले से सदमा लगा
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि रूसी हमलों से उन्हें गहरा सदमा लगा था और उन्होंने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज्लेंस्की के साथ बात की। बता दें कि विभिन्न राष्ट्रों ने भी बमबारी की निंदा की। तुर्की के संयुक्त राष्ट्र के राजदूत फेरिदुन सिनिर्लियोग्लू ने हमलों को गहरा चिंताजनक और अस्वीकार्य कहा।

बाइडन ने हर हरसंभव मदद करने की बात कही
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइ़डन ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की के साथ बात की। उन्होंने यूक्रेनी शहरों पर रूसी हमलों की निंदा की और कीव को उन्नत वायु रक्षा प्रणाली का वादा किया। अमेरिकी रक्षा विभाग के अनुसार, जनवरी 2021 से संयुक्त राज्य अमेरिका ने यूक्रेन को सुरक्षा सहायता में 15 बिलियन अमरीकी डालर से अधिक की सुरक्षा सहायता के लिए आश्वासन दिया है।
