इस्तीफा देंगे ट्रंप के सबसे करीबी मार्को रूबियो? अब अमेरिकी विदेश मंत्री ने तोड़ी चुप्पी; बताया सच क्या है
रूबियो ने कहा, सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि ये निराधार बातें कहां से शुरू होती हैं। उन्होंने स्पष्ट ...और पढ़ें

अमेरिकी विदेश मंत्री पद से इस्तीफे की अटकलों को रूबियो ने किया खारिज
HighLights
बोले- ट्रंप के कार्यकाल पूरा होने तक करेंगे काम, विदेश विभाग ने भी किया खंडन
2028 के राष्ट्रपति चुनाव में दावेदारी को भी नकारा, वेंस को समर्थन देने पर जोर
एएनआई, वाशिंगटन। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने ट्रंप प्रशासन से इस्तीफा देने की अटकलों को खारिज कर दिया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का कार्यकाल पूरा होने तक उनके साथ काम करना हमेशा से उनकी योजना रही है।
मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद रूबियो के प्रशासन छोड़ने की खबरें सामने आई थीं।
द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक साक्षात्कार में रूबियो ने कहा, सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि ये निराधार बातें कहां से शुरू होती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका इस्तीफा देने का कोई इरादा नहीं है।
इससे पहले एक मीडिया आउटलेट ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि रुबियो प्रशासन छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उन्होंने पद छोड़ने को लेकर व्हाइट हाउस के अधिकारियों से बातचीत की थी, लेकिन उन्हें पद पर बने रहने के लिए कहा गया।
हालांकि, अमेरिकी विदेश विभाग ने इस खबर का खंडन किया। वैश्विक जन मामलों के सहायक विदेश मंत्री डायलन जॉनसन ने मीडिया रिपोर्ट को पूरी तरह मनगढ़ंत बताया।
उन्होंने द इंडिपेंडेंट की उस खबर को भी बेबुनियाद करार दिया, जिसमें दावा किया गया था कि रूबियो वर्ष 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी दावेदारी तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, मैं अभी 2028 के बारे में कोई बात नहीं करूंगा। रूबियो पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यदि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 2028 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ते हैं तो वह उनका समर्थन करेंगे।