'RSS फ्रेंड्स' का अमेरिका में रजिस्ट्रेशन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पहुंच बढ़ाने का लक्ष्य
आरएसएस फ्रेंड्स ने अमेरिका में न्याय विभाग के पास विदेशी एजेंट के रूप में पंजीकरण कराया है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पहुंच बढ़ाना है।

RSS फ्रेंड्स का अमेरिका में रजिस्ट्रेशन (फाइल फोटो)
HighLights
आरएसएस फ्रेंड्स ने अमेरिकी न्याय विभाग में पंजीकरण कराया।
विदेशी एजेंट के रूप में FARA के तहत पंजीकृत हुआ।
संघ की पहुंच बढ़ाना, गलत सूचनाएं सुधारना मुख्य उद्देश्य।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से एक समूह आरएसएस फ्रेंड्स ने अमेरिकी न्याय विभाग के पास संगठन के विदेशी एजेंट के रूप में पंजीकरण कराया है।
आरएसएस फ्रेंड्स ने यह पंजीकरण 27 अगस्त को फॉरेन एजेंट्स रजिस्ट्रेशन एक्ट के तहत न्याय विभाग के पास कराया। समूह की प्रस्तावित गतिविधियों में ऐसी जानकारी को सुधारना या उस पर प्रतिक्रिया देना भी शामिल है, जिसे आरएसएस फ्रेंड्स गलत, अधूरा या संदर्भ की कमी वाला मानता है।
वास्तविक तथ्यों को सामने रखना लक्ष्य
समूह ने कहा, 'आरएसएस फ्रेंड्स का आरएसएस के साथ रोजगार, परामर्श, लॉबिंग, जनसंपर्क या एजेंसी से जुड़ा कोई लिखित समझौता नहीं है, जिसमें कोई तय काम, भुगतान या विस्तृत परिचालन निर्देश शामिल हों।'
समूह ने स्पष्ट किया कि लिखित अनुबंध न होने का मतलब यह नहीं है कि उनके बीच कोई संबंध, अनुरोध, समझ, समन्वय, प्राधिकरण, निर्देश या कोई अन्य वास्तविक जुड़ाव नहीं है।
समूह ने कहा, 'आरएसएस फ्रेंड्स अपनी गतिविधियों से जुड़े वास्तविक तथ्यों को सामने रखेगा।' समूह के अनुसार, उनकी प्रस्तावित गतिविधियां मुख्य रूप से सूचनात्मक, शैक्षिक, जनसंपर्क और सामुदायिक जुड़ाव से संबंधित हैं।
समूह ने कहा, 'अपने नियमों और लागू कानूनों के दायरे में रहते हुए, यह आम जनता, पत्रकारों, मीडिया संगठनों, शोधकर्ताओं, शैक्षणिक और नीतिगत संस्थानों, सामुदायिक नेताओं, नागरिक समाज संगठनों और जहां उचित हो, सरकारी एजेंसियों या अधिकारियों के साथ संवाद कर सकता है।'
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'वेनेजुएला बन सकता है अमेरिका का 51वां राज्य', तेल समझौते के बीच डोनल्ड ट्रंप का बड़ा बयान
