अमेरिका में राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बताया 'आर्थिक आपदा', बीजेपी ने किया पलटवार
राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय अर्थव्यवस्था को 'आर्थिक आपदा' बताया, बेरोजगारी और विनिर्माण क्षेत्र की समस्याओं पर सवाल उठाए।

राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बताया आर्थिक आपदा (फोटो-ANI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर गए लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक चर्चा के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था, रोजगार और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए।
राहुल गांधी के इन बयानों पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और उन पर भारत की आर्थिक प्रगति की नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को आपस में जोड़ा
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में संवाद के दौरान राहुल गांधी से पूछा गया कि क्या नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत में लोकतंत्र और विविधता को कम करके आंका गया है? इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि भारत, अमेरिका, ब्राजील और फ्रांस जैसे कई देशों में ऐसे ही रुझान देखने को मिल रहे हैं और ये सभी वैश्विक आर्थिक ढांचे में हो रहे व्यापक बदलावों से आपस में जुड़े हुए हैं।
उन्होंने ब्लू-कॉलर श्रमिकों के लिए रोजगार पैदा करने की चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि भारत, अमेरिका और फ्रांस जैसे देश अपने श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार देने में संघर्ष कर रहे हैं, जबकि चीन को अपने मैन्युफेक्चरिंग क्षेत्र के कारण इस मामले में कोई दिक्कत नहीं आ रही है।
भारतीय अर्थव्यवस्था को बताया आर्थिक आपदा
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को आर्थिक आपदा करार दिया। उन्होंने इसके लिए बेरोजगारी, शिक्षा प्रणाली की समस्याओं और कमजोर पड़ते विनिर्माण क्षेत्र को जिम्मेदार ठहराया।
राहुल गांधी ने कहा कि देश का आर्थिक मॉडल लगभग एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर चुका था। इस दौरान उन्होंने मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी सरकारी योजनाओं की भी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम व्यवसाय तथा कृषि किसी भी अर्थव्यवस्था की रीढ़ होते हैं, लेकिन भारत में अर्थव्यवस्था की यह रीढ़ टूट चुकी है। उन्होंने निजी निवेश की कमी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि देश में केवल गौतम अडानी और मुकेश अंबानी जैसे कुछ बड़े कारोबारी समूह ही आगे बढ़ रहे हैं, जबकि छोटे व्यवसायों को भारी संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत किए बिना देश का सफल विकास संभव नहीं है।
बीजेपी ने किया पलटवार
राहुल गांधी के इन बयानों पर बीजेपी ने कड़ा रुख अपनाया है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पलटवार करते हुए कहा कि यह आपदा असल में राहुल गांधी के अपने दिमाग में है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस नेता, उनका परिवार और उनकी पार्टी खुद आगे बढ़ने में नाकाम रहे हैं, इसलिए वे देश की अर्थव्यवस्था को आपदा का नाम दे रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि वर्ल्ड बैंक और आईएमएफ जैसी वैश्विक वित्तीय संस्थाएं भी स्वीकार करती हैं कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। उन्होंने दावा किया कि भारत 7.1 प्रतिशत की दर से विकास कर रहा है। देश में प्रति व्यक्ति आय और लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार हुआ है, लेकिन राहुल गांधी को यह विकास नहीं दिखाई देता है।
वहीं राहुल के बयान पर बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि एक तरफ दुनिया के नेता और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भारत को ग्लोबल ग्रोथ इंजन मानती हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस नेता देश को एक अलग नजरिए से देखते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।