विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

PM Modi US Visit: जब दिल के दरवाजे हो खुलें तो... बाइडन हाउस से बोले मोदी, भारत-अमेरिका के रिश्ते बहुत खास

Published: Sun, 22 Sep 2024 07:22 PM (IST)

बाइडन के निजी निवास पर हुई मुलाकात में पीएम मोदी ने बाइडन से कहा कि हमारे भारत में कहा जाता ...और पढ़ें

अमेरिका की यात्रा पर पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जो बाइडन से की मुलाकात
अमेरिका की यात्रा पर पीएम मोदी ने राष्ट्रपति जो बाइडन से की मुलाकात

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारतीय पीएम नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की अंतिम बैठक काफी भावनात्मक रही। बैठक अमेरिकी राष्ट्रपति के गृह शहर विलमिंगटन स्थित उनके निजी निवास पर हुई। पिछले चार वर्षों में भारत व अमेरिका के रणनीतिक रिश्तों को बहुत ही खास बनाने में अहम योगदान देने वाले मोदी और बाइडन को मालूम था कि यह उनके बीच अंतिम आधिकारिक बैठक है।

बाइडन अगले राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में नहीं है। ऐसे में मोदी ने उनके निवास पर जब यह कहा कि जब दिल के दरवाजे खुलते हैं तो घर के दरवाजे खुलते हैं तो बैठक का माहौल भावनात्मक हो गया। यह जानकारी विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने मोदी और बाइडन की यात्रा पर जानकारी देने के लिए आयोजित विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

द्विपक्षीय सहयोग

मोदी और बाइडन की बैठक में द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा तमाम वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बाइडन ने मोदी की यूक्रेन यात्रा की काफी प्रशंसा की है।विदेश सचिव मिस्त्री ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच मुख्य तौर पर द्विपक्षीय सहयोग के मुद्दे पर भी बातचीत हुई है लेकिन यूक्रेन-रूस विवाद, पश्चिमी एशिया के हालात और हिंद प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता का मुद्दा भी उठा।

बाइडन ने की पीएम मोदी की तारीफ

पीएम मोदी की एतिहासिक यूक्रेन यात्रा को लेकर राष्ट्रपति बाइडन का भाव काफी प्रशंसात्मक रहा। भारत की तरफ से यूक्रेन को मदद भेजने की भी उन्होंने प्रशंसा की। यही नहीं क्वाड संगठन को मजबूत बनाने या विकासशील व गरीब देशों की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाने या जी-20 को नेतृत्व देने के लिए पीएम मोदी की उन्होंने तारीफ की है।

  • बाइडन ने मोदी को यह बताया कि संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक संगठनों में संशोधन करने और इनमें भारत को उसको उचित स्थान देने की भावना को वह समर्थन करते हैं। वह भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्य के तौर पर स्थान दिलाने के पक्षधर हैं।
  • उन्होंने आगे कहा कि बैठक का माहौल काफी भावनात्मक था क्योंकि भारतीय पीएम को भी यह एहसास था कि राष्ट्रपति बाइडन के साथ उनकी यह अंतिम आधिकारिक मुलाकात है।
  • पिछले चार वर्षों के बीच मोदी और बाइडन ने भारत-अमेरिका रिश्तों को नई ऊंचाई तो दी है लेकिन इनके बीच भी काफी गहरे व्यक्तिगत संबंध स्थापित हुए हैं।

भारत के साथ रिश्ते मजबूत

इस मुलाकात से पहले ही राष्ट्रपति बाइडन ने मोदी के साथ अपने कार्यकाल के दौरान आपसी रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए उठाए गए कदमों की काफी तारीफ की थी। बाइडन ने कहा है कि जब भी मैं मोदी के साथ बैठक करता हूं तो आश्चर्यचकित रह जाता हूं कि हम सहयोग के और कितने नये रास्ते खोज निकालते हैं।

इन मुद्दों पर हुई बात

शनिवार को हुई बैठक में भी दोनों नेताओं ने सेमीकंडक्टर, इनर्जी और रक्षा क्षेत्र में सहयोग के नये क्षेत्रों पर बात की है। मोदी और बाइडन की बैठक में समुद्री रास्ते से होने वाले कारोबार व नौवहन की सुरक्षा को लेकर खास तौर पर बात हुई है। भारत और अमेरिका ने दुनिया को ज्यादा सुरक्षित, समावेशी, स्वच्छ बनाने के लिए अपनी साझेदारी को सबसे अहम करार दिया है।

यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क में पीएम मोदी का मेगा शो, पांच घंटे पहले से जुटने लगे लोग; 10 Points में जानिए कार्यक्रम की सभी खास बातें