विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेल के अंदर से ब्रिटेन के एयरबेस पर थी हमले की तैयारी, अमेरिकी खुलासे से हड़कंप; ईरान समर्थित नेटवर्क बेनकाब

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:06 PM (IST)

अमेरिका के एक संघीय अभियोग से पता चला है कि ब्रुकलिन जेल में बंद एक कैदी ने ब्रिटेन के एक ...और पढ़ें

जेल के अंदर से ब्रिटेन के एयरबेस पर हमले की थी साजिश

जेल के अंदर से ब्रिटेन के एयरबेस पर हमले की थी साजिश

HighLights

  1. जेल में बंद कैदी ने सलाखों के पीछे से ब्रिटेन स्थित एयरबेस पर हमले की साजिश रची।

  2. आरोपी ने आतंकी कोडवर्ड जैसे 'काम' और 'नौकरी' का इस्तेमाल कर मैसेज भेजे।

  3. यह नेटवर्क यूरोप और अमेरिका में 20 से अधिक आतंकी साजिशों तथा यहूदी संस्थानों पर हमलों से जुड़ा हुआ है।

डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क से सामने आए एक सनसनीखेज खुलासे ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार को सार्वजनिक किए गए अमेरिकी अभियोग के अनुसार, न्यूयॉर्क की ब्रुकलिन जेल में बंद एक आंतकवादी ने सलाखों के पीछे से ईरान समर्थित नेटवर्क के साथ मिलकर खतरनाक साजिश रची।

इस साजिश का मुख्य निशाना ब्रिटेन का वह एयरबेस था, जहां अमेरिकी वायुसेना के बमवर्षक विमान तैनात रहते हैं।

यह खौफनाक सच तब सामने आया जब सितंबर के आखिर में तीन संदिग्ध वैन ब्रिटिश एयरबेस की तरफ बढ़ते देखी गईं, जिसके बाद आतंकवाद के इस बड़े ताने-बाने का पर्दाफाश हुआ।

अमेरिका ने इस मामले में तीन लोगों - मोहम्मद बकर साद दाऊद अल-सादी, ईरानी नागरिक मोहसिन मोहाजरी और मोहम्मद अली अल-हसनी पर आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। इनमें से मोहाजरी और अल-हसनी अमेरिकी हिरासत में नहीं है।

कोडवर्ड के जरिये भेजे गए गुप्त संदेश

मुख्य आरोपित मोहम्मद बकर साद दाऊद अल-सादी (ईरान एवं इराक की दोहरी नागरिकता वाला) को पिछले साल ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उसकी खौफनाक साजिशें रुकी नहीं। जेल के अंदर अकेले बंद होने के बावजूद उसने ईरानी एजेंटों तक गुप्त संदेश पहुंचाने के लिए ईराक में बैठी अपनी मां और बहन को फोन और वीडियो कॉल किए।

वह बातचीत में आतंकी वारदातों के लिए 'काम' और 'नौकरी' जैसे गुप्त कोडवर्ड का इस्तेमाल करता था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, उसने अपनी बहन से पूछा था कि क्या उनका पुराना 'काम' रद कर दिया गया है या रोक दिया गया है। इस दौरान उसने एक अन्य आरोपित मोहम्मद अली अल-हसनी (इराकी नागरिक) को पैसे भिजवाने के निर्देश भी दिए ताकि नापाक मंसूबों को अंजाम दिया जा सके।

यहूदी समुदायों को भी बनाया निशाना

यह नेटवर्क सिर्फ एयरबेस तक ही सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार यूरोप और अमेरिका में लगभग 20 आतंकवादी हमलों की साजिशों से जुड़े हैं। अप्रैल के महीने में इसी गिरोह ने लंदन में एक यहूदी चैरिटी संगठन पर हमला करवाया था, जिसकी लाइव स्ट्रीमिंग इन आरोपितों ने लैपटॉप पर देखी थी। इसके अगले दिन ही एक सिनागाग (यहूदी प्रार्थनालय) को भी निशाना बनाया गया।

इस गंभीर खतरे को देखते हुए अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका और उसके सहयोगियों के खिलाफ ईरान समर्थित समूहों का यह खतरा केवल काल्पनिक नहीं, बल्कि बेहद वास्तविक है।

बहरहाल, इस राजफाश के बाद ब्रिटेन स्थित रायल एयर फोर्स (आरएएफ) फेयरफोर्ड एयरबेस से अमेरिकी बमवर्षकों को वापस अमेरिका बुला लिया गया है।

(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।