अमेरिकी वीजा का शॉर्टकट: 750 डॉलर दीजिए और 12 महीने के लंबे इंतजार से बचिए
टूरिज्म या बिजनेस वीजा पर अमेरिका जाने की योजना बना रहे यात्री जल्द ही लाइन छोड़कर अपना इंटरव्यू प्रोसेस तेजी से पूरा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें 750 डॉलर की अतिरिक्त फीस देनी होगी।

अमेरिकी वीजा के लिए 12 महीने की प्रतीक्षा से बचने के लिए भुगतान करें 750 डॉलर (फोटो- रॉयटर)
HighLights
चुनिंदा अमेरिकी दूतावासों में 31 दिसंबर तक मिलेगी यह सुविधा
हालांकि इस बात की गारंटी नहीं होगी कि वीजा मिल ही जाएगा
न्यूयॉर्क टाइम्स, वाशिंगटन। टूरिज्म या बिजनेस वीजा पर अमेरिका जाने की योजना बना रहे यात्री जल्द ही लाइन छोड़कर अपना इंटरव्यू प्रोसेस तेजी से पूरा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें 750 डॉलर की अतिरिक्त फीस देनी होगी।
एक जुलाई से, बी1 और बी2 नान-इमिग्रेंट वीजा के लिए आवेदन करने वाले यात्री कुछ चुनिंदा अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में दस कार्यदिवसों के भीतर इंटरव्यू का समय पाने के लिए प्रीमियम फीस दे सकते हैं।
31 दिसंबर तक चलने वाले इस अस्थायी पायलट प्रोग्राम से आवेदकों को अगली उपलब्ध अपाइंटमेंट का इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा, जिसमें कुछ मामलों में एक साल से ज़्यादा का समय लग सकता है।
इस हफ्ते फेडरल रजिस्टर में इस फास्ट-ट्रैक प्रोग्राम के बारे में एक नोटिस जारी किया गया। इसमें 2026 फीफा वर्ल्ड कप के लिए वीजा की मांग में हुई वैश्विक बढ़ोतरी का जिक्र किया गया और कहा गया कि लास एंजिल्स में 2028 ओलंपिक से पहले इस सर्विस को आजमाने का यह सही समय है।
यह पायलट प्रोग्राम ट्रंप प्रशासन के हालिया उन कदमों के बाद आया है जिनसे कुछ विदेशियों के लिए देश में प्रवेश करना मुश्किल हो गया है। अगस्त में, विदेश विभाग ने एक पायलट प्रोग्राम की घोषणा की थी, जिसके तहत उन देशों से आने वाले यात्रियों को 15 हजार तक का बांड भरना होगा, जहां वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी रुकने वालों की दर ज्यादा है।
दिसंबर में, अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन ने विदेशी पर्यटकों की सोशल मीडिया हिस्ट्री की जांच करने की योजना की घोषणा की थी।तेजी से वीजा इंटरव्यू का विकल्प चुनने वाले आवेदकों को भी 185 डॉलर की वीजा प्रोसेसिंग फीस देनी होगी।
तेजी से इंटरव्यू का यह विकल्प सीमित संख्या में और केवल चुनिंदा दूतावासों या वाणिज्य दूतावासों में उपलब्ध होगा।
शुरुआती नोटिस में इनकी सूची शामिल नहीं है। 750 वाली प्रीमियम सर्विस इस बात की गारंटी नहीं देती कि वीजा जारी किया जाएगा और न ही यह एडमिनिस्ट्रेटिव प्रोसेसिंग में लगने वाले समय को कम करती है।
यह पायलट प्रोग्राम उन देशों से आने वाले यात्रियों पर लागू नहीं होता जो वीजा-वेवर प्रोग्राम में शामिल हैं। इस प्रोग्राम में यूरोप के ज्यादातर देशों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, चिली, इजरायल, जापान, कतर, दक्षिण कोरिया और यूनाइटेड किंगडम जैसे देश शामिल हैं।