'देश के भविष्य की तैयारी करें', मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद ओबामा की अपील
पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की शानदार जीत को विभाजनकारी राजनीति का अवसान बताया।

मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद ओबामा की अपील। (रॉयटर्स)
HighLights
ओबामा ने डेमोक्रेटिक जीत को विभाजनकारी राजनीति का अवसान कहा।
नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से ट्रंप प्रशासन पर अंकुश लगाने का आग्रह।
मतदाताओं ने एकजुट करने वाली राजनीति का स्पष्ट संदेश दिया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बुधवार को मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की शानदार जीत को विभाजनकारी राजनीति का अवसान करार दिया। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से अपनी शक्ति का इस्तेमाल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन पर अंकुश लगाने, व्यावहारिक समाधान देने और देश के भविष्य की तैयारी के लिए करने का आग्रह किया।
अहम मुकाबले वाले राज्यों में चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के समर्थन के लिए मैदान में उतरे ओबामा ने कहा कि प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों का नियंत्रण डेमोक्रेट्स को सौंपकर मतदाताओं ने स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मतदाता ऐसी राजनीति चाहते हैं, जो लोगों को बांटने के बजाय उन्हें साथ लाए। ओबामा ने जिन प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया, उनमें से कई उम्मीदवारों ने अपने रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ दिया।
2009 से 2017 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे ओबामा ने इस जीत का श्रेय देशभर में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को दिया। इनमें वे उम्मीदवार भी शामिल थे, जिन्होंने रिपब्लिकन के उन गढ़ों में मुकाबला किया, जिन्हें पहले डेमोक्रेट्स के लिए कठिन माना जाता था।
ओबामा ने उम्मीदवारों की अलग-अलग पृष्ठभूमि और राजनीतिक विचारों की सराहना करते हुए कहा कि वे जिन बातों को साझा करते हैं, उनमें सार्वजनिक सेवा और अपने मतदाताओं के हितों के प्रति प्रतिबद्धता शामिल है। उन्होंने चुनाव कराने में मदद करने वाले दोनों प्रमुख दलों के चुनाव अधिकारियों और स्वयंसेवकों का भी आभार जताया।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।