विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एनवीडिया विवाद: सिंगापुर-मलेशिया के रास्ते कैसे चीन भेजे गए करोड़ों के सर्वर? सामने आया नया नेटवर्क

Published: Sun, 22 Nov 2026 06:18 PM (IST)

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट ने एनवीडिया चिप्स को सिंगापुर और मलेशिया के रास्ते चीन भेजने वाले एक नेटवर्क का खुलासा किया है।

एनवीडिया चिप्स की चीन तस्करी का खुलासा

एनवीडिया चिप्स की चीन तस्करी का खुलासा 

HighLights

  1. एनवीडिया चिप्स की चीन में तस्करी का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ।

  2. ली मिंग और मेगास्पीड जैसी कंपनियां इस तस्करी में शामिल थीं।

  3. अमेरिकी निर्यात नियंत्रणों का उल्लंघन कर चिप्स चीन भेजे गए।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में एनवीडिया की एडवांस्ड कंप्यूटिंग क्षमता और चिप्स को कथित तौर पर चीन पहुंचाने वाले कंपनियों के एक नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर में धोखाधड़ी के आरोपों का सामना कर रहे 52 वर्षीय चीनी नागरिक ली मिंग इस पूरे नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रहे थे। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि ली मिंग सिंगापुर स्थित कंपनी मेगास्पीड के कामकाज और बड़े व्यावसायिक फैसलों में गहराई से जुड़े थे, साथ ही एनवीडिय चिप्स का कारोबार करने वाले दूसरी कंपनियों से भी उनके संबंध थे।

कैसे काम करता था तस्करी नेटवर्क?

फरवरी 2025 में सिंगापुर के अभियोजकों ने एनवीडिया चिप्स की तस्करी को लेकर ली और अन्य लोगों पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। उस मामले में कई कंपनियों के नाम आए थे, हालांकि मेगास्पीड का नाम शामिल नहीं था।

अभियोजकों का आरोप है कि ली ने एनवीडिया चिप्स वाले कंप्यूटर सर्वर खरीदे और अमेरिकी सप्लायर को यह कहकर गुमराह किया कि ये उपकरण उनकी सिंगापुर स्थित कंपनी लक्ज़ुरिएट योर लाइफ के लिए हैं।

आरोप है कि इन सर्वरों को पहले मलेशिया भेजा गया और वहां से किसी अज्ञात तीसरे स्थान पर भेज दिया गया। ली फिलहाल सिंगापुर में जमानत पर बाहर हैं और उनके खिलाफ आपराधिक मामला चल रहा है।

ऐलिस हुआंग और मेगास्पीड से संबंध

रिपोर्ट के अनुसार, आरोप लगने से कई साल पहले से ली, ऐलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई के साथ काम कर रहे थे। चीनी कॉरपोरेट रजिस्ट्री रिकॉर्ड बताते हैं कि इस दंपति ने 2021 में सेंचुरी लॉन्गटेंग नाम से एक क्लाउड-कंप्यूटिंग जॉइंट वेंचर शुरू किया था।

जनवरी 2023 की एक सोशल मीडिया तस्वीर में ली को शंघाई स्थित एआई उपकरण बनाने वाली कंपनी का दौरा करते देखा गया, जहां उन्हें सेंचुरी लॉन्गटेंग का चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर बताया गया।

बाद में ली, ऐलिस हुआंग और कांग ने दक्षिण-पूर्व एशिया में साझेदारों का नेटवर्क बनाया ताकि चीनी ग्राहकों को कंप्यूटिंग क्षमता दी जा सके। उन्होंने एक चीनी वीडियो गेम कंपनी की सिंगापुर इकाई का अधिग्रहण कर उसका नाम मेगास्पीड रखा और ऐलिस हुआंग को निदेशक बनाया।

मेगास्पीड ने एनवीडिया को बताया कि चीनी दिग्गज अलीबाबा उनका प्रमुख ग्राहक है, जिसके बाद नवंबर 2023 में मेगास्पीड एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर प्रोग्राम में शामिल हुई और उसे नए प्रोसेसर खरीदने में प्राथमिकता मिलने लगी।

मेगास्पीड ने मलेशिया में सर्वर लगाकर अलीबाबा को ऑफशोर कंप्यूटिंग क्षमता दी, लेकिन आरोप है कि इनमें से कुछ सर्वर शंघाई की कंपनी सेंचुरी लिटोंग को भेज दिए गए, जो अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों का उल्लंघन था। 2024 तक सेंचुरी लॉन्गटेंग, सेंचुरी लिटोंग में एक प्रमुख शेयरधारक रही।

एनवीडिया की कार्रवाई

जून 2025 में अमेरिका और सिंगापुर की एजेंसियों की जांच के बीच एनवीडिया ने मेगास्पीड को अपनी "नो सेल" सूची में डाल दिया। मेगास्पीड का दावा है कि वह वैध कारोबार करती है। कंपनी के अनुसार, ऐलिस हुआंग अगस्त 2025 में इसे छोड़कर चली गईं; सिंगापुर के अधिकारियों ने उनसे पूछताछ के बाद उन्हें देश छोड़ने की अनुमति दी, लेकिन दोबारा प्रवेश पर रोक लगा दी।

हुआंग के जाने के बाद सिंगापुर में मेगास्पीड का कामकाज लगभग ठप हो गया, लेकिन इसकी टीम अब नोवागेट क्लाउड नाम से नया उद्यम चला रही है। 2025 में बनी नोवागेट खुद को एनवीडिया का क्लाउड पार्टनर बताती है और ब्लैकवेल चिप्स वाले कम से कम दो डेटा सेंटर चलाने का दावा करती है।

शिपमेंट रिकॉर्ड के मुताबिक, 2026 के शुरुआती पांच महीनों में नोवागेट को मलेशिया स्थित इकाई में एनवीडिया चिप्स वाले कम से कम 300 मिलियन डॉलर के हार्डवेयर मिले। रिपोर्ट में नोवागेट और सेंचुरी लिटोंग से जुड़ी इकाइयों के बीच कॉर्पोरेट संबंधों और कलपर रिसर्च की रिपोर्ट का भी जिक्र है, जिसमें नोवागेट के मेगास्पीड से जुड़े होने की संभावना जताई गई थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।