विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एनवीडिया CEO पर हनीट्रैप का शक: चीन के लिए जासूसी करने का आरोप, ट्रंप-शी की मुलाकात से पहले बढ़ा तनाव

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:57 PM (IST)

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि चीन ने एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग को हनीट्रैप में फंसाकर संवेदनशील जानकारी हासिल करने की कोशिश की है।

एनवीडिया सीईओ पर चीन के लिए जासूसी का आरोप (फाइल फोटो)

एनवीडिया सीईओ पर चीन के लिए जासूसी का आरोप (फाइल फोटो)

HighLights

  1. चीन पर एनवीडिया सीईओ को हनीट्रैप में फंसाकर जासूसी का आरोप।

  2. एनवीडिया बोर्ड ने आरोपों की गंभीरता से स्वतंत्र जांच शुरू की है।

  3. ट्रंप-शी मुलाकात से पहले अमेरिका-चीन संबंधों में नया तनाव बढ़ा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी वर्चस्व की लड़ाई अब जासूसी के एक सनसनीखेज आरोप तक पहुंच गई है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि चीन ने दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेनसन हुआंग को हनीट्रैप में फंसाकर संवेदनशील जानकारियां हासिल करने की कोशिश की।

मामला सामने आने के बाद एनवीडिया के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है और चीन ने इन्हें सिरे से खारिज किया है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की 18-19 नवंबर को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात प्रस्तावित है। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन के दौरान चीन के शेनझेन में होने वाली इस मुलाकात से पहले जासूसी के आरोपों ने दोनों देशों के रिश्तों में एक नया तनाव पैदा कर दिया है।

हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकारी

मामले में जेनसन हुआंग का नाम चीन की पूर्व टीवी पत्रकार एलिस हुआंग से जोड़ा जा रहा है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि एलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसियों के लिए काम कर रही थीं और उन्हें जेनसन हुआंग के करीब पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई थी।

रिपोर्टों के मुताबिक, उनका मकसद एनवीडिया की संवेदनशील जानकारियां हासिल करना और कंपनी के उन्नत चिप कारोबार तक पहुंच बनाना था।

हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की है। उन्होंने लिखा, मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की। मेरे इस कदम से उन्हें और हमारे बच्चों को ठेस पहुंची है। मेरे पास इसका कोई बहाना नहीं है। मुझे इसका गहरा अफसोस है। हालांकि, इस स्वीकारोक्ति से चीन के लिए जासूसी किए जाने के आरोप साबित नहीं होते।

अरबों डॉलर के चिप कारोबार से जुड़ा मामला

एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल में वरिष्ठ पद पर थीं। यह कंपनी डाटा सेंटर कारोबार से जुड़ी है और दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया के बड़े ग्राहकों में शामिल रही है। उद्योग जगत की रिपोर्टों के अनुसार, मेगास्पीड ने दो वर्षों में एनवीडिया की 4.8 अरब डॉलर से अधिक की चिप खरीदीं।

यह कारोबार इसलिए भी संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि दक्षिण-पूर्व एशिया को अमेरिकी चिप की चीन तक कथित अवैध आपूर्ति का एक अहम ट्रांजिट रूट माना जाता है। अमेरिका ने चीन को उन्नत सेमीकंडक्टर चिप की बिक्री पर कई तरह के प्रतिबंध लगा रखे हैं।

अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि एलिस हुआंग को जेनसन हुआंग के साथ संबंध विकसित करने, सूचनाएं जुटाने और एनवीडिया के उन्नत प्रोसेसर तक पहुंच प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल किया गया।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि कथित तौर पर कौन-सी जानकारियां हासिल करने की कोशिश हुई और क्या वास्तव में कोई रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सूचना चीन तक पहुंची।

चीन को चिप बेचने के पक्षधर रहे हैं हुआंग

दिलचस्प बात यह है कि जेनसन हुआंग लंबे समय से चीन को अमेरिकी सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से पूरी तरह बाहर रखने की नीति के आलोचक रहे हैं। उनका तर्क है कि चीन जैसे बड़े बाजार से अमेरिकी कंपनियों को दूर करने से घरेलू चीनी कंपनियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। उन्होंने ट्रंप प्रशासन से चीन को कम उन्नत एनवीडिया चिप बेचने की अनुमति देने की पैरवी भी की थी।

इस कोशिश को कुछ सफलता भी मिली। ट्रंप प्रशासन ने संशोधित निर्यात व्यवस्था के तहत एनवीडिया को चीन में H200 प्रोसेसर बेचने की अनुमति दी। ऐसे में हुआंग एक ओर अमेरिकी एआई उद्योग के सबसे प्रभावशाली चेहरों में शामिल हैं, तो दूसरी ओर चीन के साथ तकनीकी कारोबार जारी रखने के भी बड़े समर्थक रहे हैं।

एनवीडिया बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच

आरोपों के बाद एनवीडिया के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति गठित की है। जांच में बाहरी कानूनी विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। बोर्ड ने अपने शुरुआती बयान में कहा कि फिलहाल उसके पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की गोपनीय जानकारियों से समझौता हुआ है। हालांकि, मामले से जुड़े सभी उपलब्ध तथ्यों की जांच की जाएगी।

जेनसन हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा है कि वह एनवीडिया की सुरक्षा और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने खुद को अमेरिकी नागरिक होने पर गर्व और आभार जताया।

सांसदों के सामने पेश हो सकते हैं हुआंग

इस मामले ने अमेरिकी राजनीति में भी हलचल पैदा कर दी है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों, चीन मामलों और खुफिया मामलों से जुड़ी समितियों के अध्यक्षों ने हुआंग से 18 नवंबर को बंद कमरे में जानकारी देने को कहा है। इनमें ब्रायन मास्ट, जान मोलिनार और रिक क्रॉफर्ड शामिल हैं।

सांसद उनसे कथित जासूसी के आरोपों और विदेशी खुफिया एजेंसियों से कंपनी की सुरक्षा के उपायों पर जवाब चाहते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।