व्हाइट हाउस की नजदीकियों से बीजिंग कनेक्शन तक; क्या चीन के लिए जासूसी कर रहे थे NVIDIA के सीईओ?
एनवीडिया सीईओ जेन्सेन हुआंग चीनी जासूसी के संदिग्ध कनेक्शन और मलेशियाई डेटा सेंटर को अरबों के एआई चिप्स की सप्लाई ...और पढ़ें
-1794137872855_m.webp)
Nvidia के सीईओ जेन्सेन हुआंग।
HighLights
अमेरिकी रिपोर्ट में एनवीडिया सीईओ के चीन से संबंध का दावा।
एलिस हुआंग पर चीन की जासूसी एजेंसी से जुड़े होने का आरोप।
एनवीडिया के चिप्स चीन डायवर्ट होने पर अमेरिकी संसद की जांच।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। टेक दुनिया के दिग्गज और एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेन्सेन हुआंग एक बेहद गंभीर विवाद के घेरे में आ गए हैं। वजह है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की एक खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जेन्सेन हुआंग के संबंध 'मेगास्पीड' कंपनी की पूर्व कार्यकारी एलिस हुआंग के साथ रहे हैं।
अब इस दावा के आधार पर अब अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि एलिस हुआंग चीन की मुख्य जासूसी एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) के लिए जासूसी करती थीं।
अमेरिकी खुफिया एजेंसी का वो मेमो
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में अमेरिकी खुफिया जानकारी के आधार पर एक सरकारी मेमो तैयार किया गया था। इस मेमो में दावा किया गया है कि जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच अंतरंग संबंध रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के मई में बीजिंग दौरे से ठीक पहले यह रिपोर्ट चुनिंदा शीर्ष अधिकारियों के साथ साझा की गई थी। हालांकि, एनवीडिया ने इस मेमो और किसी भी अंतरंग रिश्ते के दावे पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।
इस रिपोर्ट पर एनवीडिया कंपनी ने क्या कहा?
अमेरिकी एजेंसी के इस दावों के सामने आने के बाद कंपनी का कहना है कि सीईओ हुआंग हर साल हजारों ग्राहकों और अधिकारियों से मिलते हैं। व्हाइट हाउस और सीआईए (CIA) ने भी इस पर चुप्पी साध रखी है। एलिस हुआंग या मेगास्पीड पर अभी तक कोई आधिकारिक आपराधिक आरोप तय नहीं किया गया है और दोनों हुआंग आपस में रिश्तेदार नहीं हैं।
'मेगास्पीड' कनेक्शन और अरबों डॉलर के एनवीडिया चिप्स
अहम बात यह है कि यह पूरा मामला सिर्फ व्यक्तिगत रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा ताल्लुक अरबों डॉलर के कारोबार और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है। इस बात को ऐसे समझिए कि एलिस हुआंग, जिन्हें हुआंग ले भी कहा जाता है... एक चीनी नागरिक हैं।
वह 'मेगास्पीड' कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर और खुद को सीईओ बता चुकी हैं, हालांकि अब वह कंपनी छोड़ चुकी हैं। यह कंपनी 2023 में चीन की एक गेमिंग और क्लाउड फर्म '7Road' से अलग होकर बनी थी।
मलेशियाई डेटा सेंटर और चिप्स की आवाजाही
बता दें कि अमेरिकी नजरों में मेगास्पीड तब आई जब साल 2024 के अंत में अमेरिकी वाणिज्य विभाग के एक अधिकारी ने मलेशिया में इसके डेटा सेंटर का दौरा किया। वहां एनवीडिया के उपकरण बॉक्स में ही पैक मिले, जिससे शक हुआ कि इन हार्डवेयर्स का इस्तेमाल इंस्टॉलेशन के बजाय कहीं और सप्लाई करने के लिए किया जा रहा है।
व्यापार रिकॉर्ड के अनुसार, मेगास्पीड की मलेशियाई सिस्टर कंपनी ने जून 2024 से फरवरी 2026 के बीच एनवीडिया के कम से कम लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के एडवांस एआई चिप्स खरीदे। हालांकि, एनवीडिया का कहना है कि उनकी अपनी जांच में चिप्स के चीन डायवर्ट होने का कोई सबूत नहीं मिला है।
अमेरिकी संसद का शिकंजा और 18 नवंबर की डेडलाइन
इस खुलासे के बाद अमेरिका की तीन प्रमुख हाउस कमेटियों विदेश मामलों, चीन मामलों और खुफिया समिति के रिपब्लिकन अध्यक्षों ने जेन्सेन हुआंग को पत्र लिखकर 18 नवंबर को एक बंद कमरे में होने वाली संयुक्त बैठक में शामिल होने को कहा है।
वे यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को कितना जोखिम में डाला गया है और एनवीडिया ने विदेशी जासूसी से निपटने के लिए क्या सुरक्षा उपाय किए हैं। हालांकि यह बुलावा कोई समन नहीं है, बल्कि एक स्वैच्छिक अनुरोध है। हुआंग को यह बताना होगा कि वह व्यक्तिगत रूप से इन सवालों के जवाब देने आएंगे या नहीं।
चीन को चिप्स बेचने की पैरवी से नाराज सुरक्षा अधिकारी
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि जेन्सेन हुआंग की व्हाइट हाउस तक सीधी पहुंच रही है। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारी इस बात से निजी तौर पर नाराज हैं कि हुआंग ने इस साल राष्ट्रपति ट्रंप से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर एनवीडिया के H200 चिप्स को चीनी ग्राहकों को बेचने की अनुमति देने की पैरवी की थी।
यहां तक कि जब मई में ट्रंप बीजिंग यात्रा पर जा रहे थे, तब हुआंग एयर फोर्स वन में सवार नहीं थे, जिसके बाद ट्रंप के खुद फोन करने पर हुआंग ने रास्ते में स्टॉपओवर के दौरान विमान में एंट्री ली थी। सितंबर में वह शी जिनपिंग के लिए आयोजित राजकीय भोज में भी शामिल हुए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।