अमेरिका: दिवालिया होने का नाटक पड़ा महंगा, पिता से मिले ₹33 लाख छिपाए; खुलासे के बाद कोर्ट ने रद की करोड़ों की कर्ज माफी
सिएटल के नेविन मिडलटन की लगभग 4 मिलियन डॉलर की कर्ज माफी रद कर दी गई है।

अमेरिकी कोर्ट ने रद किया नेविन मिडलटन का कर्ज माफी आदेश। (फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
नेविन मिडलटन की 4 मिलियन डॉलर की कर्ज माफी रद।
विरासत में मिले पैसे और व्यावसायिक हिस्सेदारी छिपाई थी।
अब मिडलटन को पुराने कर्ज चुकाने होंगे फिर से।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका के सिएटल के रहने वाले एक व्यक्ति को कर्ज से छुटकारा पाने के लिए अपनी संपत्ति और कमाई की जानकारी छिपाना काफी भारी पड़ गया।
वाशिंगटन की बैंकरप्सी अदालत ने 20 अक्टूबर को नेविन मिडलटन नाम के इस व्यक्ति की मिली 39,67,997 डॉलर की कर्ज माफी को रद कर दिया है।
अदालत ने पाया कि मिडलटन ने जानबूझकर अपनी विरासत में मिले पैसों और एक व्यवसाय में अपनी हिस्सेदारी की जानकारी छिपाई थी।
20 अक्टूबर को सुनाए गए इस फैसले के बाद मिडलटन अब फिर से पुराने कर्ज चुकाने के लिए जिम्मेदार हो गए हैं। यानी मामला बंद होने के बाद जिन लोगों का पैसा उन पर बकाया है, वे अब उनसे वसूली कर सकते हैं।
क्या है पूरा मामला?
अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक नेविन मिडलटन का 'कस्टम होम कंस्ट्रक्शन' का व्यवसाय बुरी तरह घाटे में चला गया था। इस कर्ज से उबरने के लिए उन्होंने पहले 'चैप्टर 11' के तहत अपने कारोबार को फिर से खड़ा करने की अर्जी दी थी। बाद में इसे 'चैप्टर 7' (संपत्ति बेचकर कर्ज चुकाने की प्रक्रिया) में बदल दिया गया।
अप्रैल 2024 में अदालत ने मिडलटन को बड़ी राहत देते हुए उनके 3,967,997 डॉलर के असुरक्षित कर्ज को माफ कर दिया था। इस कर्ज का बड़ा हिस्सा उन निवेशकों का था, जिन्होंने उनके प्रोजेक्ट्स में पैसा लगाया था।
कैसे खुला छिपी हुई रकम का राज?
मिडलटन ने कर्ज से राहत मिलने के कई महीनों बाद अपनी 39,600 डॉलर की विरासत के बारे में बताया। कर्ज से मुक्ति मिलने के कई महीनों बाद, मिडलटन अपनी अपनी कुछ अचल संपत्तियों पर 'होमस्टेड छूट' के दावे को लेकर एक सुनवाई में पेश हुआ था।
उस सुनवाई के दौरान पहली उसने बताया कि उसे अपने दिवंगत पिता की संपत्ति से दो बार पैसे मिले थे। कुल रकम लगभग 39,600 डॉलर थी, जो उसे बैंकरप्सी के लिए आवेदन करने के बाद, लेकिन कर्ज से मुक्ति मिलने से पहले मिली थी।
यह पैसा एक ऐसे बिजनेस बैंक खाते में गया, जिसे मिडलटन खुद नियंत्रित करता था। हालांकि, उनके मूल दिवालियापन दस्तावेजों और बयानों में उनकी विरासत के अधिकारों या उस खाते से जुड़े व्यवसाय में उनकी हिस्सेदारी का कोई जिक्र नहीं था। यह खुलासा 'डिस्चार्ज'मिलने के कुछ महीनों बाद हुआ।
अदालत में रद हुई राहत
अमेरिकी न्याय विभाग के 'यूएस ट्रस्टी प्रोग्राम' ने विरासत की जानकारी छिपाने के मामले में मिडलटन के खिलाफ मुकदमा चलाया। यूएस ट्रस्टी प्रोग्राम के सिएटल कार्यालय ने इन छिपाई गई निधियों की जांच की।
जांच में पता चला कि मिडलटन ने अपनी बहन (जो पिता की संपत्ति की देखरेख कर रही थीं) से कहकर यह रकम सीधे एक ऐसे बिजनेस बैंक खाते में मंगवाई थी, जिसे वे खुद चलाते थे।
मिडलटन के दिवालियापन मामले को संभाल रहे निजी ट्रस्टी को इस व्यावसायिक खाते के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। 'डिस्चार्ज' को रद करने की मांग वाली यूएस ट्रस्टी प्रोग्राम की शिकायत पर हुई सुनवाई के दौरान, मिडलटन ने इस रकम के बारे में एक अलग ही स्पष्टीकरण दिया।
उन्होंने दलील दी कि यह पैसा विरासत नहीं, बल्कि उनकी बहन की तरफ से दिया गया कर्ज था। हालांकि, अदालत ने सभी सबूतों को देखने के बाद उनकी दलील खारिज कर दी।
कोर्ट ने माना कि मिडलटन ने जानबूझकर और धोखाधड़ी के इरादे से यह जानकारी छिपाई थी। अदालत के फैसले के बाद मिडलटन अपने कर्ज चुकाने के लिए जिम्मेदार बने रहेंगे।
बेईमान कर्जदारों पर सख्ती का संदेश
इस फैसले पर यूएसटीपी (USTP) के निदेशक स्टीफन वी. फालंगा ने कहा, 'दिवालियापन से मिला 'डिस्चार्ज' एक नई शुरुआत की कुंजी है, लेकिन इसे पाने के लिए कर्जदारों को अपने वित्तीय मामलों के बारे में पूरी पारदर्शिता बरतनी चाहिए। यूएसटीपी बेईमान कर्जदारों से दिवालियापन प्रणाली की शुचिता की रक्षा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।