पृथ्वी से 400 KM ऊपर NASA के अनिल मेनन समेत 3 एस्ट्रोनॉट्स ने अमेरिकी चुनाव में की वोटिंग, शेयर किया वीडियो
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में अंतरिक्ष से भी मतदान हुआ, जहां इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से NASA के तीन वैज्ञानिकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
HighLights
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में अंतरिक्ष से हुआ मतदान।
NASA के तीन वैज्ञानिकों ने ISS से डाले वोट।
अनिल मेनन ने अंतरिक्ष से वोटिंग का वीडियो साझा किया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी मध्यावधि चुनाव का एक ऐसा पल सामने आया है, जिससे ये पता चलता है कि हर एक मतदान की अहमियत कितनी ज्यादा है। अमेरिका के चुनाव में सिर्फ पृथ्वी पर रह रहे लोगों ने ही मतदान नहीं किया, बल्कि अंतरिक्ष से भी वोटिंग हुई।
अमेरिका के चुनाव में पृथ्वी से 400 किलोमीटर से अधिक ऊपर चक्कर लगा रहे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से भी वोटिंग हुई। स्पेस स्टेशन से नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (NASA) के तीन वैज्ञानिकों ने वोट डाला। अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन ने स्पेस स्टेशन से वोटिंग का वीडियो भी शेयर किया।
अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में NASA के वैज्ञानिकों ने डाला वोट
अनिल मेनन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दिखाया गया है कि अंतरिक्ष में रहते हुए भी अंतरिक्ष यात्री अपने वोट देने के अधिकार का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।
अनिल मेनन ने बताया कि उन्होंने और NASA के उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों ल्यूक डेलानी और जेसिका वॉटकिंस ने इलेक्ट्रॉनिक बैलेट भरे और उन्हें सुरक्षित रूप से चुनाव अधिकारियों तक पहुंचा दिया।
अनिल मेनन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'हां, आप अंतरिक्ष से भी वोट डाल सकते हैं! अमेरिका के तीनों क्रू सदस्यों को अंतरिक्ष स्टेशन से वोट डालने का मौका मिला। हमने एक इलेक्ट्रॉनिक बैलेट भरा और उसे सुरक्षित तरीके से चुनाव अधिकारियों के पास भेज दिया।'
नासा प्रशासक जेरेड इसाकमैन ने अंतरिक्ष यात्रियों की भी तारीफ की, जिन्होंने पृथ्वी से सैकड़ों किलोमीटर ऊपर होने के बावजूद 3 नवंबर के चुनावों में हिस्सा लिया।
स्पेस स्टेशन से मतदान
अनिल मेनन ने पोस्ट के साथ 29 सेकंड का वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियो में उन्होंने 'आई वोटेड' (मैंने वोट दिया) का स्टिकर लगाए अपना सोने का कंपार्टमेंट दिखाया, जो उनके लिए पोलिंग बूथ का काम भी कर रहा था।
मेनन ने बताया, 'इसके अंदर मेरा कंप्यूटर है, जहां से मैंने एक इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म भरकर हैरिस काउंटी को भेजा, ताकि मैं आज वोट डाल सकूं।'
मेनन ने टेक्सस की हैरिस काउंटी में अपना वोट डाला। यहां नासा का जॉनसन स्पेस सेंटर और मिशन कंट्रोल स्थित है। एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, डेलानी और वॉटकिंस ने भी इसी प्रक्रिया का इस्तेमाल करके वोट दिया।
मेनन 14 जुलाई को एक रूसी सोयुज मिशन के जरिए ISS (अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन) पहुंचे थे, जबकि डेलानी और वॉटकिंस 1 अक्टूबर को स्पेसएक्स रॉकेट से वहां पहुंचे।
स्पेस स्टेशन से कैसे दिया जाता है वोट?
वोटिंग प्रक्रिया में नासा के 'नियर स्पेस नेटवर्क' का इस्तेमाल किया जाता है, जिसे मैरीलैंड के ग्रीनबेल्ट में स्थित गोडार्ड स्पेस फ्लाइट सेंटर मैनेज करता है।
वोट सुरक्षित रखने के लिए उन्हें एन्क्रिप्ट करके भेजा जाता है और इन तक पहुंच केवल संबंधित अंतरिक्ष यात्री और चुनाव क्लर्क तक ही सीमित होती है।
अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री 1997 से अंतरिक्ष से वोट डाल रहे हैं। उस समय टेक्सस ने एक कानून पास किया था, जिससे अंतरिक्ष में मौजूद नागरिकों को चुनावों में हिस्सा लेने की अनुमति मिल गई।
नासा के अंतरिक्ष यात्री डेविड वुल्फ इस सुविधा का इस्तेमाल करने वाले पहले व्यक्ति थे, जिन्होंने रूस के 'मीर' स्पेस स्टेशन से अपना वोट डाला था।
यह भी पढ़ें- मिडटर्म चुनाव के दिन ट्रंप का बड़ा धमाका, अब इजरायल को सालाना 4 अरब डॉलर नहीं देगा अमेरिका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।