म्यांमार ने UNHCR प्रमुख के दौरे को किया स्थगित, यह है कारण
यूएन से जुड़ी शरणार्थी मामलों की संस्था के उच्चायुक्त फिलिपो ग्रांडी की रखाइन यात्रा को सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दिया गया है।
संयुक्त राष्ट्र, एएफपी। म्यांमार ने UNHCR (यूएन से जुड़ी शरणार्थी मामलों की संस्था) के हाई कमिश्नर के रखाइन दौरे को स्थगित कर दिया है। यह फैसला सुरक्षा बलों और विद्रोहियों के बीच नए सिरे से छिड़ी लड़ाई को देखते हुए लिया गया है। इसकी जानकारी संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने दी है।
शरणार्थियों के संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त फिलिपो ग्रांडी पिछले सप्ताह रखाइन दौरे पर आने वाले थे,लेकिन म्यांमार के अधिकारियों ने इसे रद्द कर दिया। रखाइन से साल 2017 में एक सैन्य कार्रवाई के बाद सैकड़ों रोहिंग्या मुसलमानों को बाहर निकाल दिया गया था।
इस अशांत पश्चिमी राज्य को हाल के हफ्तों में फिर से सुलगते देखा गया है। इस बार यह हिंसा सुरक्षा बलों और अराकान सेना (एए) के बीच उभरी है। अराकान सेना बौद्ध आबादी के लिए स्वायत्तता की मांग कर रहा है। इसके चलते 4 जनवरी को पुलिस पोस्ट पर चार हमले हुए थे, जिसमें 15 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई थी। UNHCR के प्रवक्ता लेडी महेसिक ने कहा कि यह यात्रा सुरक्षा कारणों से यात्रा को स्थगित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि रखाइन की सुरक्षा स्थिति पर म्यांमार के अधिकारियों के आकलन के तहत यह यात्रा स्थगित की गई है। राजनयिकों के अनुसार ब्रिटेन इस सप्ताह मामले को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उठा सकता है। हालांकि,अधिकारियों ने इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी।