भविष्य के रोबोट पहले कभी न देखी गई चीजों को भी पहचान सकेंगे
वैज्ञानिकों ने एक ऐसा तरीका विकसित किया है, जिससे भविष्य के रोबोट उन चीजों को भी समझ और पहचान सकेंगे, जिसे उन्होंने पहले कभी नहीं देखा हो।
बोस्टन [प्रेट्र]। अभी तक जितने भी रोबोट तैयार किए जाते हैं उन्हें हर टास्क के लिए प्रोग्राम करना पड़ता है। अब वैज्ञानिकों ने एक ऐसा तरीका विकसित किया है, जिससे भविष्य के रोबोट उन चीजों को भी समझ और पहचान सकेंगे, जिसे उन्होंने पहले कभी नहीं देखा हो। इसी के साथ ये रोबोट रेंडमली किसी टास्क को पूरा करने में भी सक्षम होंगे। ऐसे रोबोट को बनाने में सफलता हासिल की है मेसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआइटी) के वैज्ञानिकों ने।
दरअसल, वैज्ञानिकों ने एक एडवांस्ड कंप्यूटर विजन विकसित किया है, जिसके जरिये रोबोट की चीजों को समझने और टास्क को अंजाम देने की क्षमता बढ़ जाएगी। शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस कंप्यूटर विजन की सबसे बड़ी सफलता यही है कि इसके जरिये रोबोट उन चीजों को भी समझ या पहचान सकेगा जिसके बारे में उसे बताया नहीं गया है। इसके लिए वह इन चीजों का पहले देखी जा चुकी चीजों से संबंध स्थापित करेगा। भविष्य के रोबोट पहले कभी न देखी गई चीजों को भी पहचान सकेंगे।
नाम दिया डॉन
एमआइटी के वैज्ञानिकों ने इस नई प्रणाली डेंस ऑब्जेक्ट नेट यानी डॉन नाम दिया है। इस प्रणाली के जरिये रोबोट वस्तुओं को उन बिंदुओं के संग्रह के रूप में देखता है जो दृश्य रोडमैप की तरह काम करती हैं। इस तरह रोबोट किसी चीज की व्याख्या बेहतर तरह से कर उसे अच्छी तरह से समझ पाता है। सबसे महत्वूपर्ण चीज इसके जरिये रोबोट एक जैसी चीजों के ढेर से कुछ अलग तरह की चीज को पहचान कर उसे उठा भी सकता है।