साइबर अटैक या AI... माइक्रोसॉफ्ट के ठप होने की वजह क्या? वायरल दावों पर आया कंपनी के अधिकारी का बयान
माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाएं वैश्विक स्तर पर ठप हो गई हैं, जिससे लाखों उपयोगकर्ता प्रभावित हुए हैं और कामकाज बाधित हुआ है।

माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाएं ठप होने की वजह (फाइल फोटो)
HighLights
माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवाएं वैश्विक स्तर पर ठप हुईं।
कंपनी ने साइबर हमले के दावों को खारिज किया।
आउटेज ठीक करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाएं ठप पड़ गई हैं, जिसके चलते दुनिया की कई कंपनियों में कामकाज ठप पड़ गया है। माइक्रोसॉफ्ट आउटेज की वजह से उड़ानें भी रद हो रही हैं।
12 नवंबर की देर रात शुरू हुए इस आउटेज के कारण दुनियाभर में लाखों लोग आउटलुक ईमेल, टीम्स मीटिंग टूल्स और आधुनिक ऑफिस के कामकाज से जुड़ी अन्य जरूरी सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।
अमेरिका ही नहीं, बल्कि भारत, जापान और कई अन्य देशों में प्राइवेट सेक्टर, बैंक, सरकारी विभाग और अदालतें भी इससे प्रभावित हुई हैं।
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज की क्या है वजह?
माइक्रोसॉफ्ट 365 के ठप होने के बाद लोगों ने इसके कारणों को लेकर तरह-तरह की थ्योरी बनानी शुरू कर दीं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे साइबर हमला बता रहे हैं तो कुछ का कहना है कि किसी AI एजेंट के 'अनियंत्रित' (rogue) हो जाने की वजह से माइक्रोसॉफ्ट आउटेज हुआ है।
कंपनी ने वायरल हो रहे इन सभी दावों को खारिज किया है और स्पष्ट तौर पर कहा है कि ऐसा कोई संकेत नहीं है जिससे लगे कि यह कोई साइबर अटैक है।
माइक्रोसॉफ्ट में कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लैमन्ना ने पोस्ट शेयर करते हुए बताया, 'हमें खेद है कि आज हुए आउटेज की वजह से हमारे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और हम इस समस्या को सुलझाने के लिए काम कर रहे हैं।'
चार्ल्स लैमन्ना ने आगे लिखा, 'जैसे ही हमारे पास और जानकारी आएगी, हम उसे साझा करते रहेंगे। फिलहाल, मैं यह पुष्टि कर सकता हूं कि ऐसा कोई संकेत नहीं है जिससे लगे कि यह किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर हमले का नतीजा है।'
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज को ठीक करने का प्रयास जारी
माइक्रोसॉफ्ट ने मौजूदा माइक्रोसॉफ्ट 365 आउटेज को ठीक करने के लिए की गई कोशिश के बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'हमने सर्विस में सुधार के लिए किए गए बदलावों की स्थिति पर नजर रखी है और पाया है कि ये बदलाव उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहे हैं।'
कंपनी ने आगे कहा, 'हम ऐसे वैकल्पिक तरीकों की तलाश कर रहे हैं, जिन्हें अपनाकर लगातार बने हुए ट्रैफिक असंतुलन के बीच क्षमता बढ़ाई जा सके।'
माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से जारी पोस्ट में आगे बताया गया, 'अधिक जानकारी के लिए Microsoft 365 एडमिन सेंटर में EX1550543 और MO1550821 देखें। अगर आप एडमिन सेंटर का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं, तो https://msft.it/6013xBHsf पर जाएं।'
यह भी पढ़ें- माइक्रोसॉफ्ट आउटेज का भारत में विमान सेवाओं पर असर, 3 उड़ानें रद; 2 में देरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।