नीदरलैंड में यहूदी प्रार्थना स्थल के पास विस्फोट, चार गिरफ्तार; अमेरिका में हमलावर की भी हुई पहचान
अमेरिका के मिशिगन में एक यहूदी प्रार्थनास्थल पर वाहन से हमला करने वाले आयमन मोहम्मद गजाली की पहचान हुई, जिसे ...और पढ़ें

हथियारबंद व्यक्ति की पहचान लेबनान में जन्मे 41 आयमन मोहम्मद गजाली के रूप में हुई है (फाइल फोटो)
HighLights
मिशिगन में यहूदी प्रार्थनास्थल पर हमलावर आयमन गजाली मारा गया।
एफबीआई इसे यहूदी समुदाय के खिलाफ लक्षित हिंसा मान रही है।
रॉटरडैम में यहूदी प्रार्थनास्थल के पास विस्फोट, चार लोग गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के मिशिगन में यहूदियों के प्रार्थनास्थल पर वाहन से टक्कर मारने वाले हथियारबंद व्यक्ति की पहचान लेबनान में जन्मे 41 आयमन मोहम्मद गजाली के रूप में हुई है, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया था।
अधिकारियों ने बताया कि डेट्राइट, मिशिगन के पास वेस्ट ब्लूमफील्ड टाउनशिप में स्थित टेंपल इजराइल में टक्कर मारने वाले हमलावर को सुरक्षाकर्मियों ने मार गिराया। टक्कर के बाद हमलावर के वाहन में आग लग गई थी।
यहूदियों का यह प्रार्थना स्थल अमेरिका में सबसे बड़े प्रार्थनास्थल में से एक है। गृह मंत्रालय के अनुसार 2011 में एक अमेरिकी नागरिक से विवाह के बाद गजाली प्रवासी वीजा पर अमेरिका आया था और उसे 2016 में अमेरिकी नागरिकता प्रदान की गई थी।
एफबीआई के डेट्राइट फील्ड आफिस की प्रभारी विशेष एजेंट जेनिफर रनयान ने इस घटना को बेहद परेशान करने वाला और दुखद' बताया और कहा कि एफबीआई इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि एजेंसी इस अपराध को यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर की गई लक्षित हिंसा मानती है।
जांच अधिकारी उसके मकसद का पता लगा रहे हैं। ओकलैंड काउंटी के शेरिफ माइक बुचर्ड ने कहा कि आरोपित ने किस बात से प्रेरित होकर ये कार्रवाई की, यह जांच के बाद ही पता चलेगा। बुचर्ड ने कहा कि इस घटना में प्रार्थनास्थल का कोई कर्मी, शिक्षक या बच्चा घायल नहीं हुआ, वहां 140 बच्चे पढ़ते हैं।
नीदरलैंड में यहूदी प्रार्थना स्थल के पास विस्फोट, चार गिरफ्तार
रॉयटर्स के अनुसार, डच पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि नीदरलैंड के रॉटरडैम में एक यहूदी प्रार्थना स्थल के पास विस्फोट और आगजनी के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना ईरान पर अमेरिका-इजरायल युद्ध के बाद से यहूदी विरोधी ¨हसा की नवीनतम घटना है।
रॉटरडैम पुलिस ने बताया कि आग स्थानीय समयानुसार सुबह 3:40 बजे एक विस्फोट के कारण लगी, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने एक अन्य प्रार्थना स्थल के पास संदिग्ध रूप से चल रही कार को रोककर चार लोगों को हिरासत में लिया है।
कार चालक का हुलिया पहले हुए हमले के एक आरोपित से मिलता-जुलता था। रॉटरडैम पुलिस ने बताया कि शहर भर के अन्य यहूदी प्रार्थना स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
