विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन की एजेंट निकली अमेरिकी शहर की मेयर, खुलासा होने पर पद छोड़ा; FBI ने कसा जांच का शिकंजा

Published: Wed, 13 May 2026 02:03 AM (IST)Updated: Wed, 13 May 2026 05:20 AM (IST)

अमेरिका में कैलिफोर्निया प्रांत के अर्काडिया शहर की मेयर ईलीन वांग चीन की एजेंट पाई गई है। वांग ने चीन ...और पढ़ें

अमेरिकी शहर की मेयर निकली चीन की एजेंट (फोटो- एक्स)

अमेरिकी शहर की मेयर निकली चीन की एजेंट (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. ईलीन वांग ने चीन के लिए काम करने का जुर्म स्वीकारा 

  2. इस मामले में दस वर्ष तक हो सकती है जेल की सजा

पीटीआई, वाशिंगटन। अमेरिका में कैलिफोर्निया प्रांत के अर्काडिया शहर की मेयर ईलीन वांग चीन की एजेंट पाई गई है। वांग ने चीन के एजेंट के रूप में काम करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, 58 वर्षीय वांग ने अर्काडिया के मेयर पद से इस्तीफा दे दिया है।

संघीय अभियोजकों ने सोमवार को बताया कि वांग और उसके पूर्व मंगेतर याओनिंग माइक सन पर चीनी सरकार के अधिकारियों के कहने पर अमेरिका में चीन के समर्थन में प्रचार करने का आरोप लगाया गया है।

65 वर्षीय सन ने पिछले साल अक्टूबर में संघीय अदालत में अपना जुर्म स्वीकार किया था, जिसके बाद चार वर्ष जेल की सजा सुनाई गई थी। अदालत में दाखिल दस्तावेज के अनुसार, वांग ने गंभीर अपराध के आरोप को स्वीकार करने की सहमति व्यक्त की है।

इस मामले में वांग को अधिकतम दस वर्ष जेल की सजा हो सकती है। दस्तावेज में बताया गया है कि वांग और सन ने 2020 से 2022 तक चीनी सरकार के अधिकारियों के निर्देशन और नियंत्रण में बीजिंग के हितों को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया, जिसमें अमेरिका में चीन समर्थक प्रचार फैलाना शामिल था।

वांग को नवंबर, 2022 में अर्काडिया सिटी काउंसिल के लिए चुना गया था, जो पांच सदस्यीय गवर्निंग बाडी है। इसमें रोटेशन के आधार पर मेयर का चयन किया जाता है।

ट्रंप फिर कराएंगे मेडिकल चेकअप : व्हाइट हाउस

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस महीने के आखिर में एक बार फिर मेडिकल और डेंटल चेकअप कराने वाले हैं। व्हाइट हाउस ने बताया कि 26 मई को ट्रंप का वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण वाल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में किया जाएगा।

अगले महीने 80 वर्ष के होने जा रहे ट्रंप अमेरिका के इतिहास में सबसे अधिक उम्र में चुने गए राष्ट्रपति हैं। ऐसे में उनकी सेहत लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।

ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि वह खुद को 50 साल पहले जैसा ही महसूस करते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि वह दिन में मुश्किल से एक मिनट एक्सरसाइज करते हैं।