'मैंने अपनी दुनिया खो दी', न्यूयॉर्क में पत्नी ने कर दी बेटी की हत्या; टूट गया भारतीय मूल का व्यक्ति
न्यूयॉर्क के क्वींस में एक मां ने अपनी पांच साल की बेटी की हत्या कर दी, जिसके बाद भारतीय मूल ...और पढ़ें
-1792576432520_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। न्यूयॉर्क के क्वींस इलाके में एक मां ने खुद फोन करके पुलिस को बताया कि उसने अपनी 5 साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो बच्ची बेसुध हालत में मिली।
उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब बच्ची के बेबस पिता उसके अंतिम संस्कार के खर्च के लिए लोगों से आर्थिक मदद मांग रहे हैं।
'मैंने अपनी बेटी को मार डाला'
द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर की शाम क्वींस के रिचमंड हिल इलाके की है। पुलिस को 911 पर एक असामान्य फोन कॉल आया, जिसमें 32 वर्षीय फ्रांसिस कैबेलो नाम की महिला ने कहा कि मैंने अपनी बेटी को मार डाला।
शाम करीब 6:55 बजे जब पुलिस और राहतकर्मी मौके पर पहुंचे, तो मां ने उनसे कहा कि बच्ची ऊपर है और सांस नहीं ले रही है। पुलिस अधिकारियों को पांच वर्षीय फैबियाना कैबेलो अचेत अवस्था में मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था।
उसे गंभीर हालत में पास के जमैका हॉस्पिटल मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने गुरुवार को मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, पोस्टमार्टम में बच्ची के चेहरे पर खरोंच के निशान पाए गए। साथ ही उसकी आंखों, दिल और फेफड़ों में खून के बारीक धब्बे देखे गए, जो आमतौर पर दम घुटने की स्थिति में होते हैं। हालांकि, पुलिस को कॉल करने से ठीक पहले घर के अंदर वास्तव में क्या हुआ था, इसकी जांच अभी जारी है।
उबर चालक पिता का छलका दर्द
मासूम बच्ची के पिता कुलदीप सिंह इस भयानक सदमे से पूरी तरह टूट चुके हैं। बच्ची के अंतिम संस्कार के लिए उन्होंने गोफंडमी प्लेटफॉर्म पर 18000 डॉलर जुटाने की अपील की है।
कुलदीप ने अपनी मार्मिक अपील में लिखा कि वह अपनी बेटी से बहुत प्यार करते थे और उसे खोने के बाद ऐसा लगता है जैसे उनकी पूरी दुनिया उजड़ गई हो।
उन्होंने बताया कि वह किराए की गाड़ी से उबर चलाकर किसी तरह गुजारा करते हैं, लेकिन इस वक्त कब्रिस्तान और फ्यूनरल होम के खर्च उठाने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने अपनी बच्ची को सम्मानजनक विदाई देने के लिए लोगों से मदद मांगी है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ थी आरोपी मां
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी फ्रांसिस कैबेलो मानसिक समस्याओं से जूझ रही थी। कुछ समय से उसका व्यवहार भी अजीब था। घटना के समय घर में मौजूद उसके पिता फ्रैंकलिन कैबेलो ने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से पूरी तरह ठीक नहीं थी।
उन्होंने बताया कि फ्रांसिस ने अपनी मानसिक बीमारी की दवाइयां लेनी बंद कर दी थीं और पूछने पर कहती थी कि डॉक्टर ने दवा रोकने की सलाह दी है।
फ्रैंकलिन ने कहा कि फ्रांसिस अपनी बच्ची की बहुत देखभाल करती थी और उसका ख्याल रखती थी; उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वह अपनी ही बच्ची के साथ ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगी।
परिवार की लाडली थी मासूम फैबियाना
नीचे के फ्लैट में रहने वाले बच्ची के अंकल पुनराज सिंह ने फैबियाना को बेहद प्यारी और जिंदादिल बच्ची बताया। उन्होंने कहा कि फैबियाना पूरे परिवार की रोशनी थी। वह अक्सर उनके पास आती थी और वह उसके लिए दाल पूरी, रोटी, करी और तली हुई मछली जैसे उसके पसंदीदा भारतीय व्यंजन बनाते थे।
उन्होंने याद करते हुए बताया कि वह अपनी परदादी का बहुत ध्यान रखती थी और उनके घुटनों में दर्द होने पर उनका हाथ पकड़कर उन्हें कमरे में चलाती थी।
वह स्वभाव से इतनी मिलनसार थी कि एक बार डॉक्टर के पास जाने पर उसने वहां मौजूद सभी नर्सों को गले लगा लिया था। उन्होंने भावुक होकर कहा कि कोई भी ऐसी प्यारी बच्ची को खोना नहीं चाहेगा।
यह भी पढ़ें- न्यूयॉर्क में डोमिनिकन मूल के युवक को ICE एजेंटों ने मारी गोली, नाराज लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
