'यह सिर्फ लालच है', डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट पर Amazon की धमकी से भड़के न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अमेजन की उस चेतावनी पर कड़ा जवाब दिया है जिसमें कंपनी ने प्रस्तावित 'डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट' के कारण ऑर्डर की कीमत बढ़ने की बात कही थी।

मेयर ममदानी ने अमेजन की डिलीवरी शुल्क वृद्धि चेतावनी को 'लालच' कहा (फोटो- जागरण ग्राफिक्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अमेजन को कड़ा जवाब दिया है। ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन ने ग्राहकों को चेतावनी देना शुरू कर दिया था कि अगर शहर का प्रस्तावित कानून पास हो जाता है, तो उनके ऑर्डर की कीमत में 5 डॉलर तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
इस धमकी को 'लालच' करार देते हुए मेयर ममदानी ने कंपनी पर आरोप लगाया कि वह डिलीवरी लागत बढ़ने का बहाना बनाकर वास्तव में श्रमिकों की सुरक्षा और सड़कों को सुरक्षित बनाने वाले कानून का विरोध कर रही है।
यह सिर्फ लालच है: ममदानी
जोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'अमेजन एक मल्टी-ट्रिलियन डॉलर की कंपनी है। अगर जेफ बेजोस आपके ऑर्डर में 5 डॉलर जोड़ते हैं, तो ऐसा इसलिए नहीं है कि सिटी काउंसिल श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और सड़कों को सुरक्षित बनाने की कोशिश कर रही है। यह सिर्फ लालच है।' उन्होंने आगे कहा, 'डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट को पास करें।'
मेयर और अमेजन के बीच यह एक और सार्वजनिक टकराव है। अमेजन इस प्रस्तावित कानून का विरोध कर रहा है। कंपनी का कहन है कि इससे उसका डिलीवरी नेटवर्क प्रभावित हो सकता है, लागत बढ़ सकती है और न्यूयॉर्क में हजारों नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं। अमेजन ग्राहकों को डिलीवरी शुल्क में 5 डॉलर तक की बढ़ोतरी के बारे में क्यों आगाह कर रहा है?
Amazon ने ग्राहकों को भेजा मैसेज
19 नवंबर से अमेजन ने अपनी वेबसाइट और मोबाइल एप पर मैसेज दिखाना शुरू किया है। इसमें न्यूयॉर्क के लोगों को चेतावनी दी गई है कि अगर 'डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट' अपने मौजूदा रूप में पास हो जाता है, तो हर ऑर्डर पर 5 डॉलर तक का अतिरिक्त खर्च आ सकता है।
कंपनी ग्राहकों से यह भी कह रही है कि वे अपने सिटी काउंसिल प्रतिनिधियों से संपर्क करें और इस बिल का विरोध करें। कंपनी की वेबसाइट और एप पर एक लिंक दिया गया है, जिसके जरिए ग्राहक अपने चुने हुए प्रतिनिधियों को मैसेज भेज सकते हैं।
36 घंटों में 60000 से ज्यादा ईमेल भेजे गये
अमेजन ने कहा कि प्रस्तावित कानून उसे उन छोटे डिलीवरी व्यवसायों के साथ काम जारी रखने से रोक सकता है, जिन पर वह अभी निर्भर है। कंपनी ने यह भी चेतावनी दी कि उसे अपना कामकाज न्यूयॉर्क से बाहर ले जाने पर विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है, जिससे डिलीवरी धीमी और महंगी हो सकती है।
कंपनी के अनुसार, अभियान के पहले छह घंटों में न्यूयॉर्क के लगभग 20000 लोगों ने सिटी काउंसिल के सदस्यों से संपर्क करने के लिए अमेजन द्वारा दिए गए लिंक का इस्तेमाल किया। बाद में अमेजन ने बताया कि अभियान के पहले 36 घंटों में 60000 से ज्यादा ईमेल भेजे गए।
ममदानी और अमेजन के बीच पहले भी टकराव
जोहरान ममदानी और अमेजन के बीच पहले भी टकराव हो चुका है। मई 2026 में ममदानी ने एलान किया कि उसने अमेजन से 9 मिलियन डॉलर से अधिक की राशि वसूल की है।
यह रकम गाड़ियों के 'आइडलिंग' (इंजन चालू रखकर गाड़ी खड़ी रखने) के नियमों के उल्लंघन से जुड़े उन जुर्मानों की थी, जिनका भुगतान नहीं किया गया था।
ये जुर्माने अमेज़न लॉजिस्टिक्स और उसके थर्ड-पार्टी ट्रांसपोर्ट कॉन्ट्रैक्टर्स के नेटवर्क के ज़रिए चलने वाले डिलीवरी वाहनों से जुड़े थे। शहर प्रशासन ने बताया कि 'आइडलिंग' कानूनों के तहत अमेज़न पर सबसे बड़ी बकाया राशि थी।
इस वसूली पर प्रतिक्रिया देते हुए, ममदानी ने कहा: 'अमेजन 2 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी है। फिर भी, इसने उन लाखों डॉलर के जुर्मानों का भुगतान करने की जहमत नहीं उठाई, जो इसके ट्रकों द्वारा अवैध रूप से हवा को प्रदूषित करने और न्यूयॉर्क के लोगों को अपने धुएं में सांस लेने के लिए मजबूर करने की वजह से लगे थे।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।