राष्ट्रपति चुनाव में मिली जीत तो, हटा दी जाएगी H1- B वीजा पर लगी रोक : जो बिडेन
23 जून को ट्रंप प्रशासन ने एच-1 बी वीजा और अन्य महत्वपूर्ण प्रकार के फॉरेन वर्क वीजा पर 2020 के अंत तक के लिए रोक लगा दी थी।
वॉशिंगटन, पीटीआइ। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति जो बिडेन ने कहा है कि यदि उन्हें राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल होती है तो वो एच-1 बी वीजा पर लगे अस्थाई निलंबन को हटा देंगे। 23 जून को, भारतीय आइटी पेशेवरों को तब बड़ा झटका लगा था, जब ट्रंप प्रशासन ने एच-1 बी वीजा और अन्य महत्वपूर्ण प्रकार के फॉरेन वर्क वीजा पर 2020 के अंत तक के लिए रोक लगा दी थी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण चुनावी वर्ष में अमेरिकी श्रमिकों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया था।
एनबीसी न्यूज द्वारा आयोजित एशियाई अमेरिकी और प्रशांत द्वीपसमूह (एएपीआई) के मुद्दों पर एक डिजिटल टाउन हॉल बैठक में बिडेन ने एच -1 बी वीजा धारकों के योगदान की प्रशंसा की। एक सवाल का जवाब देते हुए बिडेन ने कहा, "उन्होंने (डोनाल्ट ट्रंप) इस साल के लिए एच1-बी वीजा पर रोक लगा दी है लेकिन मेरे प्रशासन में ऐसा नहीं होगा।" उन्होंने कहा, "H-1B वीजा एक गैर-आप्रवासी वीजा है जो अमेरिकी कंपनियों को विदेशी कर्मचारियों को विशेष व्यवसायों में नियोजित करने की अनुमति देता है। टेक्नोलॉजी कंपनियां भारत और चीन जैसे देशों से हर साल दसियों हजार कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए इस पर निर्भर हैं।"
राष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद भारत से रिश्ते को मिलेगी प्राथमिकता
इससे पहले जो बिडेन ने कहा था कि राष्ट्रपति चुनाव में अगर जीत मिली तो भारत के साथ रिश्तों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने चुनाव जीतने के बाद भारत को अपने प्रशासन की प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि यदि वे नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में जीत जाते हैं तो दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत बनाएंगे। इसके साथ ही पूर्व उपराष्ट्रपति बिडेन ने भारत को अमेरिका का 'नैचुरल पार्टनर' बताया है। उन्होंने एक वर्चुअल फंड रेजर इवेंट में अमेरिका-भारत के बीच संबंधों के बारे में सवाल पूछे जाने पर ये बातें कहीं। उन्होंने कहा, 'हमारी सुरक्षा की खातिर पार्टनर के तौर पर भारत की जरूरत है और उनकी भी सुरक्षा के लिए यह महत्वपूर्ण है।'