Nvidia में जेनसन हुआंग की वापसी, ट्रंप ने लिया श्रेय
एनवीडिया के संस्थापक जेनसन हुआंग अध्यक्ष और सीईओ के रूप में कंपनी में लौट आए हैं, जिसका श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने लिया है।

ट्रंप ने लिया एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी का श्रेय(फोटो: रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज एआइ चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया में संस्थापक जेनसन हुआंग की दोबारा वापसी हो गई है। कंपनी के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से उन्हें अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद पर बहाल करने का फैसला किया।
इसके साथ ही वह कंपनी के बोर्ड में भी लौट आए हैं। यह वापसी इसलिए खास है क्योंकि इससे पहले बोर्ड ने साफ कर दिया था कि हुआंग को अब कंपनी में वापस नहीं लिया जाएगा।
एपी के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने हुआंग की वापसी का श्रेय लेने में जरा भी देर नहीं की। उन्होंने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मामले में मेरा दखल देना कारगर रहा। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि इस घटनाक्रम से राष्ट्रीय सुरक्षा को किसी तरह का खतरा नहीं होगा, बल्कि इससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को फायदा होगा।
उन्होंने ये भी दावा किया कि रविवार को उन्होंने हुआंग से वापसी को लेकर बात की थी। इस खबर का असर शेयर बाजार पर भी दिखा और एनवीडिया के शेयर 33 प्रतिशत तक उछल गए।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, हुआंग की वापसी ऐसे समय हुई है, जब कंपनी पिछले कुछ समय से उनके निजी जीवन से जुड़े विवादों और कारोबारी अनिश्चितताओं का सामना कर रही थी।
उनके कथित विवाहेतर संबंधों और एक ऐसी चीनी महिला के साथ संपर्क को लेकर सवाल उठे थे, जिस पर जासूस होने का संदेह जताया गया था। इसके अलावा, कंपनी के हेल्थकेयर विभाग की उपाध्यक्ष किंबर्ली पावेल और एक अन्य महिला कर्मी के साथ उनके कथित संबंधों की खबरें भी सामने आई थीं।
रायटर के अनुसार, विवादों के बीच एनवीडिया का बाजार पूंजीकरण 600 अरब डालर से अधिक घट गया था। हुआंग भी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में शीर्ष दस से बाहर होकर 13वें स्थान पर पहुंच गए थे।
हालांकि, उनकी वापसी की खबर से निवेशकों का भरोसा लौटता दिखाई दिया। कंपनी के शेयर 125 डालर से उछलकर 167 डालर के पार पहुंच गए।
इसका असर अमेरिकी शेयर बाजारों पर भी पड़ा। वाल स्ट्रीट में कारोबार शुरू होने से पहले नस्दाक फ्यूचर्स में करीब सात प्रतिशत, एसएंडपी में साढ़े चार प्रतिशत और डाओ जोन्स में ढाई प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई।
बोर्ड ने जताया हुआंग पर भरोसा
एएनआइ के अनुसार, एनवीडिया के बोर्ड अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि बोर्ड का मानना है कि कंपनी के नेतृत्व के लिए हुआंग ही सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं।
उन्हें वापस लाने का फैसला शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है। हुआंग ने भी वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और नए संकल्प के साथ स्वीकार कर रहे हैं।
मस्क ने किया स्वागत, वारेन ने उठाए सवाल
ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने बोर्ड की बैठक बुलाई थी, तो उन्होंने इस पर टिप्पणी से इन्कार किया, लेकिन कहा कि दरअसल, बोर्ड में मेरा प्रतिनिधित्व था।
हुआंग के समर्थक एलन मस्क ने भी एक्स पर उनकी वापसी का स्वागत किया। बताया गया है कि 1.80 लाख से अधिक लोगों ने आनलाइन हस्ताक्षर कर उनकी वापसी की मांग की थी। हालांकि, अमेरिकी सांसद एलिजाबेथ वारेन ने इस फैसले की तीखी आलोचना की है।
तीन दिसंबर को हुआंग की सीनेट में पेशी
रायटर के अनुसार, हुआंग को तीन दिसंबर को सीनेट की बैंकिंग कमेटी के समक्ष पेश होना है। कमेटी ने एक बयान में ये बात कही। उधर, ट्रंप प्रशासन ने एनवीडिया से कहा कि उसे अमेरिकी निर्यात नियंत्रणों का सख्ती से पालन करना होगा। सूत्रों ने बताया कि हुआंग की वापसी में वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक की भूमिका नहीं है।
बता दें कि चीन को चिप्स निर्यात में ढील को लेकर लुटनिक को ट्रंप प्रशासन के भीतर भारी आलोचना का सामना करना पड़ा है। वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने खुद लुटनिक के विभाग पर निर्यात नियंत्रणों को अनदेखा करने का आरोप लगाया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।