ईरान ने अमेरिकी बलों पर हमलों में स्टारलिंक का किया इस्तेमाल, रिपोर्ट में खुलासा
ईरान ने अमेरिकी बलों के खिलाफ हमलों में स्पेसएक्स की स्टारलिंक इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल किया, एक रिपोर्ट में दावा किया गया है।

HighLights
ईरान ने अमेरिकी बलों के खिलाफ स्टारलिंक सेवा का उपयोग किया।
होर्मुज जलडमरूमध्य में एक टैंकर समुद्री सुरंग से टकराया।
ईरान आर्थिक युद्ध का सामना कर रहा, खुफिया व्यवस्था में बदलाव।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद अमेरिकी बलों के खिलाफ कार्रवाई में स्पेसएक्स की स्टारलिंक उपग्रह इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल किया। रायटर ने वाशिंगटन पोस्ट में प्रकाशित रिपोर्ट के आधार पर ये दावा किया।
दिलचस्प बात यह है कि इसी साल फरवरी में ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान अमेरिकी सरकार ने गुपचुप तरीके से हजारों स्टारलिंक टर्मिनल वहां पहुंचाए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, स्टारलिंक के अनधिकृत इस्तेमाल की जानकारी मिलने पर स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क नाराज हो गए।
कंपनी की आंतरिक जांच में दो ऐसे मामलों का पता चला, जिनका संबंध अमेरिकी बलों के खिलाफ ईरान की कार्रवाई से था।रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी सेना ने स्टारलिंक के सैन्य संस्करण स्टारशील्ड पर एकतरफा उड़ान वाले ड्रोन संचालित किए, लेकिन इसके लिए जमीनी अभियानों के लिए बने सस्ते प्लान का इस्तेमाल किया गया।
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को भेजी गई एक गोपनीय रिपोर्ट में भी ईरानी सेना द्वारा स्टारलिंक के इस्तेमाल का जिक्र था। हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग ने ऐसी रिपोर्ट की जानकारी होने से इन्कार किया है। ईरान में स्टारलिंक सेवा को आधिकारिक अनुमति नहीं मिली है, लेकिन मस्क पहले वहां इसके सक्रिय होने की बात कह चुके हैं।
होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराया टैंकर, दो जहाजों ने बदला रास्ताईरान की नौसेना के मुताबिक, होर्मुज स्ट्रेट के पूर्व में एक तेल टैंकर समुद्री माइंस से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, तीन टैंकरों ने अपनी पहचान और नौवहन प्रणाली बंद करके प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में प्रवेश किया था।
इनमें से एक जहाज सुरंग से टकराने के बाद आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया, जबकि उसके साथ चल रहे दो अन्य टैंकरों ने रास्ता बदलकर फारस की खाड़ी की ओर वापसी की। जहाजों के ध्वज वाले देशों और संभावित हताहतों के बारे में तत्काल जानकारी नहीं दी गई।
एएनआई के अनुसार, इस बीच ईरान के सेना प्रमुख मेजर जनरल अमीर हातमी ने कहा है कि ईरान की शर्तें पूरी होने तक होर्मुज स्ट्रेट बंद रहेगा। नौसेना दिवस के अवसर पर उन्होंने रणनीतिक समुद्री मार्ग पर अभियान में शामिल नाविकों की सराहना की।
खुफिया मंत्रालय में बदलाव, आर्थिक युद्ध का सामना कर रहा ईरानरायटर के अनुसार, ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ ने बताया कि सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने खुफिया व्यवस्था में बदलाव का आदेश दिया है। पूर्व खुफिया मंत्री एस्माइल खतीब की 18 मार्च को इजरायली हमले में मौत के बाद से यह पद खाली है।
संसद ने खुफिया मंत्री की नियुक्ति के लिए पात्रता के नियमों में बदलाव की प्रक्रिया शुरू की है। प्रस्ताव के तहत गैर-धर्मगुरु उम्मीदवार भी मास्टर डिग्री, संबंधित अनुभव और प्रबंधन में कम से कम दस साल का अनुभव होने पर इस पद के योग्य होंगे।
वहीं, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा है कि ईरान आर्थिक युद्ध का सामना कर रहा है। उन्होंने व्यापारिक संगठनों की समस्याओं को देखते हुए मौजूदा नियमों से हटकर आपात उपाय करने की घोषणा की है। उनका कहना है कि युद्धकालीन परिस्थितियों में कारोबार पर दबाव कम करने के लिए सरकार की तीनों शाखाएं एकमत हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।