विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका में पढ़ाई से भारतीय छात्रों का मोहभंग, सालभर में 50 हजार घट गए

Published: Sun, 01 Nov 2026 07:27 PM (IST)

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की सख्त आव्रजन नीतियों के कारण भारतीय छात्रों का अमेरिका में उच्च शिक्षा के प्रति रुझान कम हुआ है।

अमेरिका में पढ़ाई से भारतीय छात्रों का मोहभंग।

अमेरिका में पढ़ाई से भारतीय छात्रों का मोहभंग।

HighLights

  1. एक साल में 49,365 भारतीय छात्र अमेरिका से घटे।

  2. मास्टर्स पाठ्यक्रमों में 20% की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज।

  3. EB-2 ग्रीन कार्ड कतार में 91% भारतीय शामिल।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की सख्त आव्रजन नीतियों और बदलते माहौल का असर अब भारतीय छात्रों के अमेरिका जाने के रुझान पर भी दिखने लगा है। कभी उच्च शिक्षा के लिए पहली पसंद माने जाने वाले अमेरिका को लेकर भारतीय छात्रों का आकर्षण कम हुआ है। एक साल में वहां सक्रिय भारतीय छात्रों की संख्या करीब 50 हजार घट गई। हालांकि, भारत अब भी अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का सबसे बड़ा स्रोत बना हुआ है।

अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) के स्टूडेंट एंड एक्सचेंज विजिटर इंफार्मेशन सिस्टम (एसईवीआइएस) के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में अमेरिका में सक्रिय भारतीय छात्रों की संख्या 3,16,893 रह गई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 3,66,258 थी। इस तरह एक साल में 49,365 छात्रों की कमी आई, जो लगभग 13.5 प्रतिशत है।

यह गिरावट अमेरिका में पढ़ रहे कुल अंतरराष्ट्रीय छात्रों की तुलना में कहीं अधिक है। इस अवधि में सभी देशों के सक्रिय छात्रों की संख्या 12,83,240 से घटकर 11,92,572 रह गई, यानी करीब 7.1 प्रतिशत की कमी। चीन से आने वाले छात्रों की संख्या भी 10.2 प्रतिशत घटकर 2,20,157 रह गई।

मास्टर्स में सबसे ज्यादा गिरावट

भारतीय छात्रों के बीच सबसे बड़ी गिरावट मास्टर्स पाठ्यक्रमों में दर्ज की गई। इस स्तर पर छात्रों की संख्या 2,92,929 से घटकर 2,34,034 रह गई, यानी करीब 20 प्रतिशत की कमी। इसके विपरीत, पीएचडी करने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 28,609 से बढ़कर 41,729 हो गई। स्नातक पाठ्यक्रमों में भी संख्या 38,522 से घटकर 36,011 रह गई। आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में अमेरिका में 1,95,341 भारतीय पुरुष और 1,21,552 छात्राएं सक्रिय छात्र रिकार्ड में दर्ज थीं।

तीन लाख से ज्यादा वीजा रद

अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो के कार्यकाल में तीन लाख से अधिक वीजा रद किए गए हैं। अमेरिकी इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। ट्रंप प्रशासन, अमेरिकी वीजा रखने वाले विदेशी नागरिकों के मामलों की व्यापक समीक्षा कर रहा है।

ये आंकड़े शनिवार देर शाम विभाग के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जारी किए। विभाग के अनुसार, सबसे ज्यादा 4000 वीजा बर्थ टूरिजम पर अमेरिका आनेवालों के रद किए गए। इसके जरिये अमेरिका में जन्म लेनेवाले बच्चों को वहां की नागरिकता मिल जाती है।

ईबी-2 ग्रीन कार्ड की कतार में 91% भारतीय

अमेरिका में स्थायी निवास यानी ग्रीन कार्ड पाने की प्रतीक्षा कर रहे भारतीय पेशेवरों की लंबी कतार भी चिंता बढ़ा रही है।

अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (यूएससीआइएस) के जून 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, एडवांस्ड डिग्री वाले पेशेवरों की ईबी-2 श्रेणी में वीजा नंबर का इंतजार कर रहे 3,91,296 स्वीकृत आवेदनों में से 3,56,360 भारत में जन्मे लोगों के हैं। यानी करीब 91.1 प्रतिशत आवेदन भारतीयों के हैं। चीन के ऐसे आवेदनों की संख्या 34,936 है।

(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।