'भारतीय लोकतंत्र पवित्र है..', चुनाव बहिष्कार के सवाल पर शिकागो में राहुल गांधी की दो टूक
राहुल गांधी ने शिकागो में भारतीय लोकतंत्र को 'पवित्र' बताते हुए चुनाव बहिष्कार से इनकार किया, कहा कि ऐसा करने से देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।

राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र को पवित्र बताया। (फोटो क्रेडिट- indianyouthcongress/ इंस्टाग्राम)
HighLights
भारतीय लोकतंत्र पवित्र, चुनाव बहिष्कार से इनकार, राहुल गांधी का बयान।
कांग्रेस की रणनीति: मुद्दों को उजागर करना, चुनावी हार स्वीकारना।
राहुल गांधी ने इजरायल-गाजा संघर्ष पर भी अपनी बात रखी।
डिजिटल डेस्क, शिकागो। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र को 'पवित्र' बताते हुए चुनावों का बहिष्कार करने से इन्कार किया और कहा कि ऐसा करने से देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष की रणनीति यह है कि जो कुछ हो रहा है, उसे उजागर किया जाए। साथ ही कहा कि कांग्रेस तब तक चुनावी हार का सामना करने को तैयार है जब तक लोगों को यह एहसास नहीं हो जाता कि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
राहुल गांधी ने कहा- '2014 के चुनावों को लेकर हमारा पहले से ही मानना है कि कुछ गड़बड़ थी, क्योंकि जीत का अंतर ऐसा था जिसे समझाया नहीं जा सकता... हम कुछ कह नहीं पाए क्योंकि हमारे पास कोई सुबूत नहीं था।'
उन्होंने प्रोफेसर राबर्ट पेप के संचालन में हुई बातचीत के दौरान कहा-' जब मुझे सुबूत मिला और मैंने कांग्रेस पार्टी के अपने नेताओं को वह सुबूत दिखाया, तब भी उन्होंने कहा- ‘कृपया यह मत कहिए। हमारे लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है। मेरे लिए 100, 200, 300 प्रतिशत सुबूत के बिना यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है।'
कांग्रेस नेता ने कहा- 'अगर हम चुनाव नहीं लड़ने की बात कहते हैं तो हमारे सभी विपक्षी कार्यकर्ताओं का क्या होगा? अगर हम कहें कि हम चुनाव नहीं लड़ेंगे, तो उसी क्षण भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। और हम भारतीय लोकतंत्र की संरचना को खत्म नहीं करना चाहते।'
उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी व्यवस्था को तोड़ना नहीं चाहता। यदि विपक्ष यह कहेगा कि वह चुनाव नहीं लड़ेगा तो भारतीय लोगों की नजर में वह प्रक्रिया अवैध हो जाएगी। उन्होंने कहा- 'हम ऐसा नहीं चाहते।'
राहुल ने कहा- 'हमें पूरा भरोसा है... चुनाव आयोग के भीतर से ही हमें जानकारी मिल रही है, इसलिए अब बस समय की बात है कि यह ढांचा ढह जाएगा। निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ लोग अब कह रहे हैं-'हम अब ऐसा नहीं कर सकते।'
राहुल ने इजरायल-गाजा संघर्ष पर भी बात की। उन्होंने कहा- 'इजरायल के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं... हम 1.50 अरब लोगों का देश हैं और हमारी विदेश नीति इस बात पर आधारित होनी चाहिए कि हमारे लिए क्या अच्छा है, न कि किसी और के लिए क्या अच्छा है।'
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- 'अक्टूबर में जो हुआ, मैं उसकी निंदा करता हूं। मुझे लगता है कि वह बेहद भयावह था और ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था। निर्दोष लोगों की हत्या पूरी तरह गलत है। लेकिन गाजा में इजरायल ने जो किया, मैं उसकी भी निंदा करता हूं।'
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।