अमेरिकी चुनाव में फर्जी नागरिकता दिखाकर भारतीय ने डाला वोट, केस दर्ज
भारतीय नागरिक मुकेश कुमार सोमाभाई चौधरी पर अमेरिकी चुनाव में वोट डालने के लिए जानबूझकर अमेरिकी नागरिकता का झूठा दावा करने का आरोप लगा है।

अमेरिकी चुनाव में भारतीय ने झूठी नागरिकता दिखाकर डाला वोट (प्रतीकात्मक फोटो/रॉयटर्स)
HighLights
भारतीय नागरिक पर अमेरिकी चुनाव में वोट डालने के लिए आरोप।
मुकेश चौधरी ने जानबूझकर झूठी अमेरिकी नागरिकता का दावा किया।
मिनेसोटा की फेडरल ग्रैंड जूरी ने दो आरोपों वाला पत्र जारी किया।
डिजिटल डेस्क, न्यूयार्क। अमेरिकी चुनाव में वोट डालने के लिए वहां का नागरिक होने का झूठा दावा करने के आरोप में एक भारतीय नागरिक पर केस दर्ज किया गया है।
मुकेश कुमार सोमाभाई चौधरी पर पांच नवंबर 2024 को हुए आम चुनाव में वोट डालने के लिए जानबूझकर अमेरिकी नागरिकता का झूठा दावा करने का आरोप लगाया गया है।
मिनेसोटा की फेडरल ग्रैंड जूरी ने लगाया आरोप
अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि मिनेसोटा की एक फेडरल ग्रैंड जूरी ने गुरुवार को दो आरोपों वाला यह आरोप-पत्र जारी किया। इसके अनुसार, चौधरी ने आम चुनाव में वोट डालने के लिए मिनेसोटा के कानून के तहत जरूरी वोटर सिग्नेचर सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर किए।
इसके लिए उन्हें शपथ लेनी थी या पुष्टि करनी थी कि वे अमेरिका के नागरिक हैं। चौधरी अमेरिकी नागरिक नहीं थे और उन्होंने वोट डालने के लिए जानबूझकर नागरिकता के बारे में झूठा बयान दिया।
न्याय विभाग के नागरिक अधिकार विभाग की असिस्टेंट अटार्नी जनरल हरमीत के. ढिल्लों ने कहा, वोट देने का अधिकार अमेरिकी नागरिकता का एक विशेषाधिकार है। विभाग उन लोगों को जवाबदेह ठहराएगा जो वोट डालने के लिए जानबूझकर नागरिकता का झूठा दावा करते हैं।'
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'मेरा नाम सिंह है और मैं कोई बुरा ट्रक ड्राइवर नहीं हूं', ट्रंप सरकार के नस्लवादी पोस्टर पर सिख-अमेरिकी की दो टूक
