अयोध्या में भूमि पूजन पर 'राममय' होगा अमेरिका, भारतीय-अमेरिकियों ने की जोरदार तैयारी
राम मंदिर की नींव रखने की रस्म के दौरान अमेरिका के मंदिरों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
वाशिंगटन, पीटीआइ। अयोध्या में पांच अगस्त को भूमि पूजन के दिन पूरा अमेरिका राम के रंग में रंग जाएगा। इसके लिए अमेरिका में रहने वाले भारतीय-अमेरिकियों ने जोरदार जश्न की तैयारियां की हैं। ऐतिहासिक राम मंदिर की नींव रखने की रस्म के दौरान अमेरिका के मंदिरों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राम मंदिर की थ्री-डी छवियां दिखाने वाली झांकियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
बता दें कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन समारोह 5 अगस्त को अयोध्या में होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान पूरे अमेरिका के मंदिरों में विशेष पूजा की जाएगी, जबकि बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकियों ने कहा है कि वे राम मंदिर की भूमि पूजन का उत्सव मनाने के लिए दीए जलाएंगे।
वाशिंगटन डीसी और उसके आसपास के भारतीय-अमेरिकियों ने कहा कि श्रीराम मंदिर भूमि पूजन पर एक बड़ी एलईडी डिस्प्ले वाली झांकी मंगलवार रात कैपिटल हिल और व्हाइट हाउस के आसपास जाएगी। इसी तरह न्यूयॉर्क शहर में भी हिंदू समुदाय के नेताओं ने ऐतिहासिक अवसर पर जश्न मनाने का फैसला किया है। इसकी खुशी में यहां प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर की विशाल होर्डिंग्स पर भगवान राम की तस्वीरें और राम मंदिर की थ्री-डी छवियां दिखाई जाएंगी।
प्रमुख सामुदायिक नेता और अमेरिकन इंडियन पब्लिक अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सेवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की आधारशिला रखेंगे। यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा और हम न्यूयॉर्क में जश्न मनाएंगे। इसके लिए जिन होर्डिग्स को लीज पर लिया गया है, उनमें विशाल नैस्डैक स्क्रीन के अलावा 17,000 वर्ग फुट की रैप-अराउंड एलईडी डिस्प्ले स्क्रीन शामिल है। यह टाइम्स स्क्वायर की उच्चतम रिजोल्यूशन वाली एलईडी स्क्रीन है।
पांच अगस्त को सुबह आठ से रात दस बजे तक 'जय श्री राम' को अंग्रेजी और हिदी में स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। इसके अलावा भगवान राम की तस्वीरें-वीडियो, राम मंदिर की डिजाइन व वास्तुकला की थ्री-डी छवियां प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं, प्रधानमंत्री के भूमि पूजन की तस्वीरें भी विशालकाय होर्डिग्स पर दिखती रहेंगी।
उन्होंने कहा कि यह ऐसा मौका है जो मानव जाति के जीवन में एक बार ही आता है। इसलिए, हम इसे शानदार तरीके से मनाने जा रहे हैं और इसके लिए टाइम्स स्क्वायर से बेहतर जगह और क्या हो सकती है।
राम मंदिर का निर्माण दुनियाभर के हिदुओं का सपना था, जो प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में पूरा होने जा रहा है। छह साल पहले हम कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि यह दिन इतनी जल्दी आ जाएगा। यह मोदी के नेतृत्व के चलते ही संभव हो पाया। इसलिए, जश्न मनाने में हम कोई कमी नहीं रखेंगे।