Beirut explosion: भारत ने लेबनान सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की, मदद का दिया भरोसा
यूएन में भारत के स्थाई प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा है कि मैं इस भयानक मानवीय त्रासदी पर लेबनान की जनता और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना चाहूंगा।
न्यूयॉर्क, एजेंसी। भारत ने कहा है कि वह लेबनान में आर्थिक राहत और मानवीय सामग्री भेजेगा, ताकि बेरूत विस्फोट में प्रभावित नागरिकों की मदद की जा सके। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा है कि 'सरकार और भारत के लोगों की ओर से मैं इस भयानक मानवीय त्रासदी पर लेबनान की जनता और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना चाहूंगा। हम मानव जीवन के नुकसान और व्यापक विनाश से चकित हैं।' उन्होंने इस त्रासदी के बीच लेबनान के अधिकारियों एवं नागरिकों की उदारता और धैर्य की तारीफ की। तिरुमूर्ति ने कहा कि पिछले वर्ष मैं बेरूत यात्रा पर था, लेकिन अब इस त्रासदी की कल्पना करना बेहद मुश्किल हो रहा है कि यह जीवंत शहर विस्फोट की त्रासदी से जूूूझ रहा है। उन्होंने कहा कि मैं इस त्रासदी से जूझ रहे लोगों के बचाव और कार्यकर्ताओं के समर्पण की प्रशंसा करता हूं।
सहयोग के लिए भारत सरकार लेबनान के संपर्क में
तिरुमुर्ति ने लेबनानी अधिकारियों के साथ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सहायता प्रदान करने के लिए भारत सरकार लेबनानी सरकार के साथ चर्चा कर रही है। तिरुमुर्ति ने कहा कि भारत ने हाल में कोरोना महामारी से निपटने के लिए लेबनान को आवश्यक चिकित्सा सामग्री भेजी थी। बेरूत त्रासदी के बाद भारत सरकार लेबनान सरकार के संपर्क में हैं और इस पर चर्चा हो रही है कि कैसे हम योगदान दे सकते हैं।
पीडि़तों को मदद करने में आ रही है दिक्कत
संयुक्त राष्ट्र का कहना था कि बेरूत में विस्फोट पीडि़तों को मदद करने के लिए टीम को संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है। लेबनान अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट में 500 विस्तरों वाला एक अस्पताल ध्वस्त हो जाने के कारण घायलों को उपचार में बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। लेबनान के कमजोर स्वास्थ्य प्रणाली के मद्देनजर यह कार्य और कठिन हो गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपनी नियमित बीफ्रिंग के दौरान कहा कि कोरोना महामारी के कारण विस्फोट में घायलों के उपचार में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बेरूत में भीषण विस्फोट, 135 लोगों की गई जान
बता दें कि लेबनान की राजधानी बेरूत में एक भीषण विस्फोट में 135 लोगों की जान चली गई और करीब पांच हजार घायल हो गए। बेरूत में धमाका इतना तीव्र था कि उसकी गूंज 160 किलोमीटर दूर साइप्रस तक सुनाई दी थी। बेरूत के गवर्नर मारवन अबोद ने बताया कि धमाके से करीब आधे शहर को नुकसान पहुंचा है। इस भीषण विस्फोट के चलते शहर को 15 अरब डॉलर (करीब एक लाख दस हजार करोड़ रुपये) तक की क्षति पहुंचने का अनुमान है। तीन लाख लोग बेघर हो गए हैं।