भारत को अमेरिका का सबसे करीबी साझीदार बनाने के पक्ष में पोंपियो
अमेरिकी राज्य सचिव और रक्षा सचिव इसी साल भारतीय विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री के साथ मुलाकात कर सकते हैं।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने भारत को अमेरिका का सबसे करीबी साझीदार बनाए जाने पर जोर दिया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि ट्रंप प्रशासन दक्षिण और मध्य एशिया में जो कुछ कर रहा है उसमें भारत की केंद्रीय भूमिका होनी चाहिए।
अमेरिकी संसद की विदेश मामलों की समिति से पोंपियो ने कहा, 'भारत को खासतौर पर दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व एशिया के मसलों में केंद्रीय भूमिका निभाने की जरूरत है। भारत को हमारे करीबी साझीदारों में एक होना चाहिए और हम लक्ष्यों को मिलकर हासिल कर सकते हैं।' वह समिति के सदस्य क्रिस कून्स के एक सवाल का जवाब दे रहे थे।
इसमें उनसे पूछा गया था कि अमेरिका और भारत के संबंधों को और प्रगाढ़ कैसे किया जा सकता है? पोंपियो ने कहा, 'रक्षा मंत्री जेम्स मैटिस और मेरी संयुक्त रूप से हमारे भारतीय समकक्षों के साथ वार्ता होनी है। हमें इसका इंतजार है। मेरे विचार से यह महत्वपूर्ण वार्ता गर्मी में हो सकती है।'
पोंपियो और मैटिस विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की मेजबानी करेंगे। इस दौरे के बारे में पिछले साल 26 जून को ह्वाइट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात में निर्णय लिया गया था।