'युद्ध की आग दूर, पर भूख की आंच ग्लोबल साउथ तक'; भारत ने संयुक्त राष्ट्र में उठाई आवाज
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक खाद्य असुरक्षा पर चिंता व्यक्त की, जिसमें 'ग्लोबल साउथ' पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव को उजागर किया।

भारत ने UN में युद्ध के वैश्विक खाद्य संकट पर चिंता जताई (राजदूत हरीश पर्वतनेनी, फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, न्यूयॉर्क। दुनिया के किसी एक कोने में सुलगती युद्ध की आग कैसे सात समंदर पार बैठे निर्दोष लोगों की थाली से निवाला छीन लेती है, इस कड़वी सच्चाई को भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बेहद भावुक और कड़े शब्दों में रखा।
यूक्रेन युद्ध के पांचवें वर्ष में प्रवेश करने के बीच, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने 1943 के भयावह बंगाल अकाल की याद दिलाते हुए कहा कि वैश्विक संघर्षों की कीमत सभी देश बराबर नहीं चुकाते, बल्कि इसकी सबसे भारी मार विकासशील देशों यानी 'ग्लोबल साउथ' पर पड़ती है। उन्होंने यूक्रेन युद्ध के बीच खाद्य असुरक्षा को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की।
भारत ने UN में युद्ध के वैश्विक खाद्य संकट पर चिंता जताई
सोमवार को 'महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे और वैश्विक खाद्य आपूर्ति की जीवनरेखा काला सागर की सुरक्षा' विषय पर उच्च-स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए पर्वतनेनी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हुए बंगाल अकाल का जिक्र किया, जिसमें 30 लाख से अधिक भारतीयों की जान चली गई थी।
उन्होंने कहा कि वह त्रासदी इस बात की दर्दनाक गवाह है कि कैसे दूर चल रहे युद्धों और गलत रणनीतिक प्राथमिकताओं की कीमत बेकसूर लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ती है। आज भी ग्लोबल साउथ के देश खाद्य, ईंधन, उर्वरक और ऊर्जा संकट से जूझ रहे हैं।
राजदूत पर्वतनेनी ने शांति की परिभाषा को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ते हुए कहा,'ग्लोबल साउथ के लिए शांति कोई अमूर्त विचार नहीं है। यह तब साकार होती है जब भूखे पेट भरते हैं, जब कोई जहाज सुरक्षित बंदरगाह तक पहुंचता है और जब एक नाविक सही-सलामत अपने घर लौटता है।'
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश 'यह युद्ध का युग नहीं है' और 'अंतहीन युद्ध से युद्ध के अंत की ओर बढ़ने' का उल्लेख करते हुए उन्होंने दोहराया कि भारत शांतिपूर्ण समाधान के हर प्रयास में योगदान देने को तैयार है।
काला सागर में जहाजों पर हमलों से खाद्य आपूर्ति बाधित
भारत ने काला सागर क्षेत्र में व्यावसायिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की। पर्वतनेनी ने एमवी ओमोर्फी, एमवी रोयाद मामेदोव, एमवी गोल्डन लियो और एमवी एजीएन राग्नार जहाजों पर हुए हमलों का हवाला दिया, जिनमें चार भारतीय नाविकों की मौत हो गई और दो लापता हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खाड़ी, लाल सागर और काला सागर के संकट ने उर्वरक और अनाज की आपूर्ति को बुरी तरह प्रभावित किया है।
विश्व खाद्य कार्यक्रम के प्रमुख ल्यूक लिंडबर्ग ने आगाह किया कि काला सागर से आपूर्ति घटने के कारण 4.4 करोड़ लोगों का पेट भरने लायक एक करोड़ टन गेहूं इस साल बाजार तक शायद न पहुंच पाए। उन्होंने 'भोजन को हथियार न बनाने' का आह्वान किया।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।