संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में बढ़ाई जाए वर्दीधारी महिलाओं की संख्या
जोर देकर कहा गया कि ऐसी महिला कर्मचारी लड़कियों और महिलाओं के लिए रोल मॉडल साबित होंगी।
संयुक्त राष्ट्र, प्रेट्र। कांगो में तैनात भारतीय महिला कमांडर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में वर्दीधारी महिला कर्मियों की संख्या बढ़ाए जाने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने इस पर भी जोर दिया कि ऐसी महिला कर्मचारी लड़कियों और महिलाओं के लिए रोल मॉडल साबित होंगी।
कांगो गणराज्य में संयुक्त राष्ट्र संगठन स्थिरीकरण मिशन (मोनूस्को) के भारतीय महिला कार्य दल (एफईटी) की कमांडर, कैप्टन प्रीति शर्मा ने सेक टाउन से वीडियो साक्षात्कार में कहा कि संयुक्त राष्ट्र के कुल सैन्य शांतिरक्षकों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व केवल चार प्रतिशत है। उन्होंने कहा, 'वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र में महिला शांतिरक्षकों की संख्या बहुत कम है। अगर आपको विश्व की 50 प्रतिशत आबादी को देखना है तो यह बहुत जरूरी है कि वर्दीधारक महिला शांतिरक्षकों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि संयुक्त राष्ट्र मिशन महिलाओं एवं लड़कियों के सामने आने वाली चुनौतियों का प्रभावी ढंग से निपटान कर सकें।'
उन्होंने कहा कि अगर महिलाएं सशक्त नहीं होंगी तो समाज का प्रगति करना संभव नहीं है। भारत से एफईटी में 22 महिला शांतिरक्षक हैं और इसकी शुरुआत पिछले साल जून में मोनूस्को में तैनाती के साथ हुई थी, जिसे संयुक्त राष्ट्र के तहत सबसे चुनौतीपूर्ण शांति मिशन माना जाता है।
बता दें कि इस समय पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी से जूझ रही है। सब परेशानी एक तरफ और पूरी दुनिया का सारा दिमाग इस तरफ। फिलहाल इस वायरस को काबू करने के लिए कोई दवा नहीं बन पाई है। इस समय दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना के कहर से लगातार जूझ रही है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक इस वायरस से मरने वालों की संख्या तीन लाख 46 हजार से ज्यादा हो गई है और संक्रमितों की संख्या 55 लाख 16 हजार से ज्यादा हो गई है। जबकि 23 लाख 10 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 99 हजार से ज्यादा हो गई है और 16 लाख 86 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।