George Floyd Case: पुलिस वीडियो में घबराया जॉर्ज फ्लॉयड कहते दिखा, 'मैं बुरा आदमी नहीं हूं'
घटना के कुछ वीडियो सामने आए थे जिसमें पुलिस कर्मियों ने फ्लॉयड को हथकड़ी लगाकर जमीन पर लिटा रखा था और एक श्वेत पुलिस अधिकारी डेरेक शॉविन ने उनकी गर्दन पर घुटना रखा था।
मिनियापोलिस (अमेरिका), एजेंसियां। जॉर्ज फ्लॉयड की गिरफ्तारी में शामिल रहे दो पुलिस अधिकारियों के बॉडी कैमरों की फुटेज बुधवार को सार्वजनिक कर दी गई। इसमें घबराए हुए फ्लॉयड को मौत से कुछ मिनटों पहले अधिकारियों से यह कहते हुए देखा जा सकता है, 'मैं बुरा आदमी नहीं हूं' जब पुलिस अधिकारी जबर्दस्ती उसे स्क्वायड कार में डालने की कोशिश कर रहे थे।
अमेरिका की एक अदालत में इन कैमरों की फुटेज बुधवार को मीडियाकर्मियों और आम लोगों को दिखाई गईं। हालांकि, एक न्यायाधीश ने समाचार संगठनों को इस फुटेज को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने की अनुमति देने से इन्कार कर दिया। 25 मई को अमेरिका के मिनियापोलिस में अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। घटना के कुछ वीडियो सामने आए थे जिसमें पुलिस कर्मियों ने फ्लॉयड को हथकड़ी लगाकर जमीन पर लिटा रखा था और एक श्वेत पुलिस अधिकारी डेरेक शॉविन ने उनकी गर्दन पर घुटना रखा था। सांस लेने में तकलीफ के चलते फ्लॉयड की मौत हो गई थी। इस घटना के दौरान पुलिस अधिकारियों थॉमस लेन और जे. क्वेंग द्वारा पहने गए कैमरों की फुटेज बीते सप्ताह अदालत में पेश की गई थी।
इस बीच, फ्लॉयड के परिवार ने बुधवार को सिटी ऑफ मिनियापोलिस और चारों आरोपित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ नागरिक अधिकार याचिका दाखिल की। इसमें पुलिस अधिकारियों पर फ्लॉयड की हत्या का आरोप लगाया गया है।
अमेरिका में हो रहा है विरोध प्रदर्शन
अमेरिका में जॉर्ज फ्लॉयड मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। अभी हाल ही में ट्रंप टावर के सामने स्थित न्यूयॉर्क के एक्सक्लूसिव फिफ्थ एवेन्यू पर बड़े बड़े पीले अक्षरों में गुरुवार को (Black Lives Matter) पेंट कर दिया गया। इसे पेंट करने वाले एक्टिविस्ट में न्यूयार्क के मेयर बिल डी ब्लासियो भी शामिल थे। बता दें कि यह टावर राष्ट्रपति ट्रंप के बहुमूल्य संपत्तियों में से एक है। मेयर ने कहा कि हमारे शहर में अश्वेतों की जिंदगी अहम स्थान रखती है और अमेरिका में भी ऐसा है। चलिए ऐसा ही राष्ट्रपति ट्रंप को दिखाते हैं जो वो नहीं समझते हैं। उनके लिए उनकी बिल्डिंग के सामने इसे पेंट कर देते हैं।