अमेरिका में 130 विदेशी छात्र हुए गिरफ्तार, कई भारतीय भी शामिल
अमेरिका में फर्जी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए गए 130 विदेशी छात्र आव्रजन घोटाले का शिकार हो गए हैं।
वाशिंगटन, प्रेट्र/आइएएनएस। अमेरिका में फर्जी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए गए 130 विदेशी छात्र आव्रजन घोटाले का शिकार हो गए हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने उन्हें फर्जीवाड़े के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए छात्रों में ज्यादातर भारतीय हैं।
इमीग्रेशन अटॉर्नी ने छात्रों के पकड़े जाने के तरीके पर सवाल उठाए हैं। मामले में भारतीय विदेश मंत्रालय सक्रिय हो गया। मंत्रालय के निर्देश पर भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने गिरफ्तार छात्रों को कानूनी सहायता दिए जाने की मांग अमेरिकी अधिकारियों के सामने रखी है।
अमेरिका के गृह मंत्रालय ने आव्रजन संबंधी घोटाले को पकड़ने के लिए डेट्रॉयट की फर्जी फर्मिग्टन हिल्स यूनिवर्सिटी को चारे की तरह इस्तेमाल किया। इससे दुनिया के कई देशों को अमेरिका में पढ़ाई के लिए आकर्षित किया गया। मामले में संघीय अभियोजक ने अदालत में आरोपों की जानकारी दी।
बताया कि ये छात्र रहने के लिए धन चुकाने वाली स्कीम के तहत अमेरिका में दाखिल हुए। द इमीग्रेशन एंड कस्टम्स इन्फोर्समेंट (आइसीइ) अधिकारियों ने बुधवार सुबह इन लोगों की धरपकड़ की। पकड़े गए आठ लोगों में भारतीय या भारतीय अमेरिकी हैं। इन पर वीजा फ्रॉड करने का आरोप है। मामले में यही मुख्य आरोप बनाए गए हैं। ये लोग युवाओं को स्टूडेंट वीजा पर लेकर अमेरिका आए थे।
लाए गए युवाओं को अन्य कार्यो में लगाया जाना था। जबकि पकड़े गए 130 छात्रों को आव्रजन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अदालत में सरकारी वकील ने बताया कि पकड़े गए छात्रों को पता था कि उन्हें फर्जी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई का वीजा दिलाकर अमेरिका ले जाया जा रहा है। इन छात्रों को कई शहरों से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी है। यह हाल के वर्षों में भारत से गलत तरीके से अमेरिका गए सबसे ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी है।