अमेरिकी हवाई अड्डे पर आव्रजन अफसरों ने दो लोगों को हिरासत में लिया, उड़ान में देरी
सिएटल हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने यात्रियों से भरे जेट ब्रिज पर दो लोगों को हिरासत में लिया, जिससे एक उड़ान में देरी हुई और यात्रियों में परेशानी हुई।

HighLights
सिएटल हवाई अड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने दो लोगों को हिरासत में लिया।
लास एंजिलिस जाने वाली उड़ान में इस घटना से देरी हुई।
आइसीई ने वीजा अवधि से अधिक रुकने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में यात्रियों के विमान में सवार होने के दौरान सिएटल हवाई अड्डे पर नकाबपोश आव्रजन अधिकारियों ने यात्रियों से भरे जेट ब्रिज पर दो लोगों को हिरासत में लिया।
इससे एयरलाइन के शब्दों में यात्रियों और कर्मचारियों के लिए 'परेशान करने वाला' दृश्य बन गया और लास एंजिलिस जाने वाली उड़ान में देरी हुई।
शनिवार को घटना के वीडियो में सिएटल-टकोमा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अधिकारी कम से कम एक व्यक्ति को घसीटकर ले जाते दिखे। एक महिला चिल्लाती सुनाई देती है कि उसकी बेटी को ले जाया जा रहा है और उसके पास काम करने का परमिट है।
आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आइसीई) ने कहा कि उसके अधिकारियों ने मेक्सिको के प्रवासी रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा को गिरफ्तार करने के लिए लक्षित कार्रवाई की। उसने "हमारे देश के कानूनों का उल्लंघन करते हुए अपने वीजा की अवधि से अधिक समय तक यहां रहकर" कानून तोड़ा था।
इस दौरान एक अन्य यात्री ने "अधिकारियों पर गरम काफी फेंकी।" अलास्का एयरलाइंस ने कहा कि आइसीई अधिकारियों ने कार्रवाई से पहले कोई सूचना नहीं दी थी। यह कार्रवाई थैंक्सगिविंग की छुट्टी से पहले यात्रा के व्यस्त सप्ताहांत में हुई।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)