सॉफ्ट रोबोटिक्स और स्मार्ट कपड़े तैयार करने की दिशा में मिलेगी मदद
माइकल डिकी कहते हैं यह रेशा बेहद मजबूत और लचीला है। यह अपनी वास्तिवक लंबाई से सात गुना तक खींचा जा सकता है और इसके बाद भी अपनी शुरुआती लंबाई में वापस लौट सकता है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। रोबोटिक्स के क्षेत्र में दुनिया में तेजी से विकास हो रहा है। दुनियाभर के वैज्ञानिक भविष्य के लिए आधुनिक रोबोट विकसित करने में प्रयासरत हैं और इसी के साथ इन्हें तैयार करने के लिए जरूरी उपकरण भी विकसित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शामिल हैं, मजबूत और लचीले कपड़े। वैज्ञानिकों ने इस दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है।
दरअसल, उन्हें एक ऐसा रेशा विकसित करने में कामयाबी मिली है, जिसमें धातु और रबड़ दोनों की विशेषताएं समाहित हैं। इसे तैयार करने वाले वैज्ञानिकों का कहना है कि यह रेशा रबड़ जितना लचीला है और धातु जैसी मजबूती रखता है। इसके जरिये सॉफ्ट रोबोटिक्स की दुनिया में तो मदद मिल ही सकती है, साथ ही स्मार्ट कपड़े तैयार करने में भी यह रेशा अहम साबित होगा।
अमेरिका में उत्तरी कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी के माइकल डिकी कहते हैं, ‘हमारे द्वारा विकसित किए गए इस खास मैटेरियल को समझने के लिए सरल शब्दों में कह सकते हैं कि यह रबड़ बैंड और धातु के तारों जैसा है। एक रबड़ बैंड बेहद लचीला होता है, जिसे खींचने के लिए बहुत अधिक ताकत की जरूरत नहीं पड़ती है। वहीं, एक धातु के तार को खींचने के लिए बहुत ज्यादा शक्ति की जरूरत पड़ती है, लेकिन यह बहुत ज्यादा खिंच नहीं पाता। यदि इसे एक सीमा से अधिक खींचने का प्रयास किया जाता है तो यह टूट जाता है। हमारे द्वारा विकसित किया गया रेशा इन दोनों की खूबियों को खुद में समेटे है।’
शोधकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने रबड़ और धातु की विशेषताओं को एक करने पर विचार किया। इसके लिए उन्होंने एक लचीले पॉलीमर के आवरण से घिरा ऐसा फाइबर तैयार किया जिसके केंद्र में गैलियम धातु थी। जब इस पर खिचाव डाला गया तो इसके मध्य में मौजूद धातु के कारण ये बेहद मजबूत साबित हुआ। शोधकर्ताओं का कहना है कि हालांकि, जब धातु टूट गई तब भी यह फाइबर गिरा नहीं। इसकी वजह इसके चारों ओर लगा पॉलीमर का आवरण था। पॉलीमर के आवरण ने उस खिंचाव को अपने ऊपर ले लिया और इस खिंचाव को वापस धातु में स्थानांतरित कर दिया।
माइकल डिकी कहते हैं, यह रेशा बेहद मजबूत और लचीला है। यह अपनी वास्तिवक लंबाई से सात गुना तक खींचा जा सकता है और इसके बाद भी अपनी शुरुआती लंबाई में वापस लौट सकता है। शोधकर्ताओं का कहना कि वे इस रेशे पर अभी और काम कर रहे हैं, ताकि इसे और लचीला व मजबूत बनाया जा सके। शोधकर्ताओं का कहना है कि अब उन्हें यह पता चल चुका है कि किसी रेशे को मजबूत और लचीला एक साथ कैसे बनाया जा सकता है। अब इस पर अन्य धातुओं का प्रयोग करके और मजबूत रेशे विकसित करने का प्रयास होगा।
माइकल डिकी कहते हैं कि इस तरह का मैटेरियल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में बहुत उपयोगी है। इसके जरिये न केवल स्मार्ट कपड़े विकसित किए जा सकेंगे, बल्कि मजबूत रोबोट के लिए स्किन भी तैयार की जा सकती हैं। चूंकि यह रेशा अपने में धातु का गुण भी समेटे है इसलिए इससे करंट भी प्रवाहित कराया जा सकता है। इससे रोबोटिक्स के क्षेत्र में बेहद मदद मिलेगी।