अमेरिका में एच-1बी वीजा के लिए मिले पर्याप्त आवेदन, जानें सभी महत्वपूर्ण जानकारी
अमेरिका में इस साल जारी होने वाले एच-1बी वीजा के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में आवेदन मिल गए हैं। भारतीय आइटी पेशेवरों में यह वीजा खासा लोकप्रिय है। वर्ष 2021 के लिए सफल आवेदकों का निर्णय लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में इस साल जारी होने वाले एच-1बी वीजा के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए पर्याप्त संख्या में आवेदन मिल गए हैं। भारतीय आइटी पेशेवरों में यह वीजा खासा लोकप्रिय है। अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (यूएससीआइएस) विभाग के अनुसार, उसे संसद द्वारा तय एच-1बी वीजा की सामान्य सीमा 65 हजार और मास्टर डिग्री के लिए तय सीमा 20 हजार के बराबर आवेदन मिल चुके हैं। वर्ष 2021 के लिए सफल आवेदकों का निर्णय लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा।
कंप्यूटर के जरिये ड्रा निकाला जाएगा। एच-1बी वीजा भारतीयों समेत विदेशी पेशेवरों में काफी लोकप्रिय है। इस वीजा के आधार पर अमेरिकी कंपनियां उच्च कुशल विदेशी कामगारों को अपने यहां रोजगार देती हैं। हर साल विभिन्न श्रेणियों में 85 कुल हजार वीजा जारी किए जाते हैं।
यह वीजा तीन साल के लिए जारी होता है। बता दें कि ट्रंप प्रशासन ने एच-1बी समेत कई वर्क वीजा के लिए नियमों को सख्त कर दिया था। वीजा के लिए लॉटरी सिस्टम की जगह वेतन और मेरिट आधारित व्यवस्था की तैयारी की थी। हालांकि, सत्ता परिवर्तन के बाद राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने ट्रंप की इन नीतियों को टाल दिया है और लॉटरी सिस्टम को बहाल रखा है।