गूगल चीन के लिए तैयार कर रहा है सर्च इंजन, कर्मचारियों ने किया विरोध
चीन में सर्च इंजन तैयार करने की खबर के बाद गूगल के कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया है। 1,400 कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए पत्र पर हस्ताक्षर किया है।
वाशिंगटन (एएफपी)। चीन में सेंसर के अनुरूप सर्च इंजन तैयार करने की खबर के बाद गूगल के कर्मचारियों का गुस्सा भड़क गया है। 1,400 कर्मचारियों ने इसके खिलाफ विरोध जताते हुए पत्र पर हस्ताक्षर किया है। कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी के काम में पारदर्शिता होनी चाहिए। कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से बताया जाना चाहिए कि उनसे किसके लिए काम लिया जा रहा है।
हाल में द इंटरसेप्ट वेबसाइट की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि गूगल गुप्त तरीके से चीन के लिए सर्च इंजन तैयार कर रही है। इस सर्च इंजन में उन तथ्यों को फिल्टर कर दिया जाएगा, जो चीन में प्रतिबंधित हैं। इसे बीजिंग के सेंसरशिप नियमों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसे 'ड्रैगनफ्लाई' कोड नाम दिया गया है। गूगल ने आठ साल पहले सेंसरशिप और हैकिंग के कारण चीन में अपना सर्च इंजन बंद कर दिया था।
इस रिपोर्ट के आने के बाद से ही कर्मचारी रोष प्रकट कर रहे हैं। उनकी मांग है कि कंपनी पारदर्शिता लाए। कर्मचारियों को यह पता होना चाहिए कि वे किस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई है कि गूगल लोगों से जानकारियां छिपाने के काम में चीन की मदद करेगा। इससे पहले सेना के साथ एक गुप्त समझौते के विरोध में भी कर्मचारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया था। विरोध के बाद कंपनी ने उस समझौते का नवीनीकरण नहीं किया।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, गुरुवार को कर्मचारियों के साथ चर्चा में कंपनी के सीईओ सुंदर पिचाई ने पारदर्शिता को लेकर प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि कंपनी नई संभावनाएं तलाश रही है लेकिन अभी चीन में कोई सर्च इंजन लांच नहीं होने जा रहा है। पिचाई ने कहा, 'चीन में दुनिया की आबादी का पांचवां हिस्सा रहता है। मुझे लगता है कि अगर हमें अपना लक्ष्य पाना है तो चीन पर विचार करना होगा।'