'काम होगा, पर हमारी शर्तों पर', स्पेसएक्स को जमीन देने की योजना पर भड़कीं नवनिर्वाचित गवर्नर; रोक लगाने की मांग
नवनिर्वाचित टेक्सास गवर्नर जीना हिनोजोसा ने स्पेसएक्स द्वारा सार्वजनिक भूमि अधिग्रहण की संभावित योजनाओं का कड़ा विरोध किया है।

गवर्नर ने स्पेसएक्स भूमि अधिग्रहण पर जताई आपत्ति

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। टेक्सास में एलन मस्क की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स द्वारा सार्वजनिक जमीन के अधिग्रहण की संभावित योजनाओं का विरोध तेज हो गया है। राज्य की नवनिर्वाचित गवर्नर जीना हिनोजोसा ने टेक्सास पार्क्स एंड वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट से अपील की है कि जब तक वह जनवरी 2027 में आधिकारिक रूप से अपना पदभार नहीं संभाल लेतीं, तब तक इस भूमि हस्तांतरण से जुड़े किसी भी फैसले को रोककर रखा जाए।
बोका चिका स्टेट पार्क पर नजर
मामला कैमरून काउंटी में स्थित लगभग 1,300 एकड़ सार्वजनिक जमीन से जुड़ा है, जिसमें ऐतिहासिक बोका चिका स्टेट पार्क भी शामिल है। यह जमीन एलन मस्क की कंपनी के स्टारबेस रॉकेट लॉन्च और मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स के बिल्कुल पास स्थित है।
स्थानीय मीडिया नेटवर्क KRGV की रिपोर्ट के अनुसार, टेक्सास के अधिकारियों ने हाल ही में स्पेसएक्स को यह जमीन बेचने या हस्तांतरित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया था। अधिकारियों द्वारा एक ड्राफ्ट एजेंडे की समीक्षा भी की गई थी, जिसमें इस क्षेत्र का नियंत्रण सौंपने पर चर्चा शामिल थी।
स्थानीय स्तर पर चिंताएं
पत्रकारों से बात करते हुए हिनोजोसा ने इस बात पर जोर दिया कि यह सार्वजनिक संपत्ति बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण संसाधन है। वैली मेरे लिए बहुत मायने रखती है क्योंकि यह मेरी जन्मभूमि है, और मैं इसे कभी नहीं भूल सकती है।
हिनोजोसा ने खुलासा किया कि उन्होंने विभाग के कार्यकारी निदेशक से बात की है। फिलहाल, तीखे विरोध और रणनीतिक चिंताओं के कारण इस मुद्दे को विभाग की बैठक के अंतिम एजेंडे से हटा दिया गया है।
हिनोजोसा ने प्रक्रिया को रोकने का औपचारिक अनुरोध तो किया है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विभाग इस पर पूर्ण विराम लगाएगा या नहीं। वे 19 जनवरी 2027 को गवर्नर पद की शपथ लेंगी।
आम जनता का विरोध
पर्यावरण संरक्षण समूहों और स्थानीय लोगों ने इस संभावित बिक्री को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। बोका चिका बीच और आसपास का तटीय क्षेत्र वन्यजीवों, दुर्लभ प्रजातियों और जनता के मनोरंजन का प्रमुख केंद्र है।
विरोध करने वालों का तर्क है कि यदि यह जमीन निजी हाथों में जाती है, तो आम जनता की समुद्र तट तक पहुंच हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी और तटीय पारिस्थितिकी तंत्र को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी।
'काम करेंगे, लेकिन अपनी शर्तों पर'
CNN पर पत्रकार जेक टैपर के साथ एक बातचीत के दौरान जीना हिनोजोसा ने मस्क और उनके बड़े औद्योगिक साम्राज्य पर अपना रुख साफ किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे राज्य के विकास के लिए एलन मस्क की कंपनियों के साथ मिलकर काम करने से परहेज नहीं करेंगी, लेकिन यह साझीदारी टेक्सास की जनता के हितों की कीमत पर नहीं होगी।
हिनोजोसा ने कहा, हम एलन मस्क और उनकी कंपनियों के साथ एक मजबूत कामकाजी रिश्ता बना सकते हैं, लेकिन यह हमारी शर्तों पर ही होगा। ऐसा नहीं हो सकता कि टेक्सास के लोगों के अधिकारों को कुचल दिया जाए, और मेरे गवर्नर बनने के बाद यही नीति बदलने वाली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।