विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक ही ब्लड टेस्ट से 50 तरह के कैंसर की पहचान, गैलेरी टेस्ट को FDA पैनल की हरी झंडी

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:20 PM (IST)

अमेरिकी बायोटेक कंपनी ग्रेल का गैलेरी ब्लड टेस्ट 50 से अधिक प्रकार के कैंसर का पता लगाने की उम्मीद जगाता ...और पढ़ें

गैलेरी ब्लड टेस्ट 50 से अधिक कैंसर का पता लगाता है।

गैलेरी ब्लड टेस्ट 50 से अधिक कैंसर का पता लगाता है।

HighLights

  1. गैलेरी ब्लड टेस्ट 50 से अधिक कैंसर का पता लगाता है।

  2. एफडीए सलाहकार पैनल ने इसकी मंजूरी की सिफारिश की है।

  3. शुरुआती कैंसर पहचानने में कमजोर, महंगा और पूरक है।

डिजिटल डेस्क, वर्जीनिया। कैंसर का नाम सुनते ही लोग डर जाते हैं। इसकी वजह केवल बीमारी की गंभीरता नहीं, बल्कि इलाज का लंबा, महंगा और कई बार तकलीफदेह होना भी है। ऐसे में यदि एक ही ब्लड टेस्ट से 50 से अधिक प्रकार के कैंसर का पता लगाने की संभावना हो तो यह चिकित्सा जगत के लिए बड़ी उपलब्धि हो सकती है।

अमेरिकी बायोटेक कंपनी ग्रेल का गैलेरी ब्लड टेस्ट इसी दिशा में उम्मीद जगाता है। 23 सितंबर, 2026 को अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के सलाहकार पैनल ने इसे मंजूरी देने की सिफारिश की। हालांकि, इसे अभी अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है।

डीएनए में बदलाव और खास निशानों से पहचान

गैलेरी मल्टीकैंसर अर्ली डिटेक्शन टेस्ट खून में मौजूद डीएनए के छोटे टुकड़ों की जांच करता है। कैंसर कोशिकाओं से निकलने वाले डीएनए पर कुछ खास रासायनिक निशान होते हैं, जिन्हें मिथाइलेशन मार्कर कहा जाता है।

टेस्ट इन्हीं निशानों की पहचान करता है। इसके लिए मशीन लर्निंग तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाता है। इसके आधार पर टेस्ट कैंसर की आशंका बताने के साथ यह अनुमान लगाने की कोशिश करता है कि बीमारी की शुरुआत शरीर के किस अंग से हुई है।

इसकी खासियत यह है कि एक साथ कई तरह के कैंसर की जांच हो सकती है, जिनमें से अनेक के लिए फिलहाल नियमित स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

अमेरिका में 50 वर्ष और उससे अधिक उम्र के 32 हजार लोगों पर किए गए अध्ययन में 173 लोगों में कैंसर पाया गया। इनमें टेस्ट ने 91 प्रतिशत मामलों में कैंसर की शुरुआत वाले अंग की सही पहचान की।

इसका एक और फायदा कम फाल्स पाजिटिव रेट है। अध्ययन में यह दर करीब 0.5 प्रतिशत रही। यानी बहुत कम लोगों को गलत तरीके से कैंसर होने का संकेत मिला।

शुरुआती कैंसर पकड़ने में कमजोर, महंगा भी

हालांकि, इस टेस्ट की सीमाएं भी कम नहीं हैं। सबसे बड़ी चिंता इसकी शुरुआती अवस्था में कैंसर पकड़ने की क्षमता को लेकर है। तीन साल तक हर साल की गई स्क्रीनिंग में इसकी कैंसर पहचानने की दर 31 प्रतिशत से भी कम रही।

यानी बड़ी संख्या में कैंसर के मामले इसकी पकड़ से बाहर रह गए। शुरुआती अवस्था के कैंसर की पहचान करने की दर भी महज 21 प्रतिशत रही। ऐसे में निगेटिव रिपोर्ट आने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को कैंसर नहीं है।

इसके अलावा, अमेरिका में इस टेस्ट की कीमत 949 डालर (करीब 88,740 रुपये) बताई गई है। टेस्ट पाजिटिव आने पर कैंसर की पुष्टि के लिए बायोप्सी और अन्य जांचों की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए गैलेरी को मौजूदा स्क्रीनिंग जांचों का विकल्प नहीं, बल्कि उनके पूरक के रूप में देखना ज्यादा उचित होगा।

(सोर्स- द कन्वर्सेशन)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।