ताइवान स्ट्रेट से गुजरा फ्रांसीसी युद्धपोत, चीन हुआ नाराज
यह युद्धपोत छह अप्रैल को ताइवान स्ट्रेट से गुजरा था। इससे नाराज चीन ने फ्रांस को अपनी नौसेना के 70 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में नहीं बुलाया।
वाशिंगटन, रायटर। फ्रांस का एक युद्धपोत इस महीने रणनीतिक रूप से अहम ताइवान स्ट्रेट (जलडमरूमध्य) से गुजरा है। अमेरिकी अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। अमेरिका जैसे देश भले ही इसका स्वागत करें, लेकिन चीन इससे नाराज हो गया है।
ताइवान स्ट्रेट वह विवादास्पद समुद्री क्षेत्र है जो चीन और ताइवान को अलग करता है। फ्रांसीसी युद्धपोत ऐसे समय में इस इलाके से गुजरा है जबकि चीन और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ा है। इनके तनाव का एक बड़ा कारण ताइवान है।
चीन दक्षिण चीन सागर को अपना बताता है। जबकि अमेरिका अपने युद्धपोतों को इस इलाके में खुलेआम भेजता है। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें याद नहीं है कि फ्रांसीसी सेना का कोई पोत कभी इस रास्ते से गुजरा हो।
अधिकारियों ने बताया कि यह युद्धपोत छह अप्रैल को ताइवान स्ट्रेट से गुजरा था। इससे नाराज चीन ने फ्रांस को अपनी नौसेना के 70 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में नहीं बुलाया। जबकि, भारत और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देश इसमें शामिल हुए।