डोनल्ड ट्रंप पर लगा बलात्कार का आरोप, पूर्व मिस स्विट्जरलैंड का दावा- 1993 में होटल के कमरे में हुई दरिंदगी
पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप पर 1993 में न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में बलात्कार का आरोप लगाया है।

पूर्व मिस स्विट्जरलैंड ने ट्रंप पर बलात्कार का आरोप लगाया।
HighLights
पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल ने ट्रंप पर बलात्कार का आरोप लगाया।
1993 में न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में घटना होने का दावा।
व्हाइट हाउस ने आरोपों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप पर आरोप लगाए हैं कि 1993 में न्यूयॉर्क के प्लाजा होटल में ट्रंप ने उनके साथ बलात्कार किया था। उन्होंने इस घटना को बेहद क्रूर बताया है।
उनका यह बयान डेमोक्रेट्स की एक नई रिपोर्ट में शामिल है। हाउस ज्यूडिशियरी कमिटी द्वारा जारी इस रिपोर्ट में जेफ्री एपस्टीन के सेक्स ट्रैफिकिंग रैकेट के साथ ट्रम्प के कथित संबंधों की जांच की जा रही है।
हालांकि व्हाइट हाउस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित और बेबुनियाद करार दिया है।
रिपोर्ट में क्या दावा किया गया
रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना नवंबर 1993 की है। तत्कालीन मॉडल और फाइनेंशियल सर्विस पेशेवर बीट्रिस केउल को जिल हार्ट द्वारा अटलांटिक सिटी और न्यूयॉर्क में आयोजित 'डोनल्ड ट्रम्प अमेरिकन ड्रीम पेजेंट' में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया था।
उस समय होटल प्लाजा ट्रंप के स्वामित्व में था। केउल के अनुसार, एक प्रेस लंच के दौरान ट्रम्प उनके पास आए और कहा, 'आखिरकार हम मिल ही गए, मिस केउल।'
रिपोर्ट में कहा गया है कि उसी दिन ट्रम्प के एक प्रतिनिधि ने केउल को होटल के ऊपरी कमरों में ट्रम्प से मिलने के लिए कहा। करियर और उच्च शिक्षा में मदद मिलने की उम्मीद में वह वहां चली गई। केउल का आरोप है कि सुइट में पहुंचते ही ट्रम्प ने उन्हें जबरन पीछे से पकड़ लिया और उनके साथ बलात्कार किया।
वीजा और यूनिवर्सिटी एडमिशन का लालच देने का आरोप
केउल के अनुसार इस घटना के बाद ट्रम्प ने उनसे बात दबाने और चुप रहने को कहा। उन्होंने कथित तौर पर कहा, 'शो तो चलता रहना चाहिए'
केउल ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान उनका पासपोर्ट ले लिया गया था, इसलिए वह काफी डरी हुई थीं और सदमे की स्थिति में ही उन्होंने प्रतियोगिता पूरी की।
केउल का आरोप है कि ट्रम्प ने उन्हें अमेरिकी वीजा दिलाने और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में दाखिला कराने का लालच दिया था।
जेफ्री एपस्टीन से मुलाकात का जिक्र
रिपोर्ट में जेफ्री एपस्टीन के साथ मुलाकात का भी ब्योरा है। केउल के बयान के अनुसार, ट्रम्प के कमरे से निकलने के बाद एपस्टीन उनके पास आया और उसने कहा, 'मैं जेफ्री हूं, डॉन (ट्रम्प) का सबसे अच्छा दोस्त।'
उसने दावा किया कि वह उनका ख्याल रख सकता है और उन्हें ट्रम्प के मार-ए-लागो एस्टेच में होने वाली पार्टियों में शामिल होने का न्योता दिया।
इस घटना के बाद केउल स्विट्जरलैंड लौट आईं। उन्होंने हवाई में आयोजित एक अन्य प्रतियोगिता में भाग लेने से इनकार कर दिया और बाद में ट्रम्प द्वारा फोन पर वीजा और पढ़ाई की पेशकश को भी ठुकरा दिया।
व्हाइट हाउस ने आरोपों से किया इनकार
व्हाइट हाउस ने इन सभी दावों का जोरदार खंडन किया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक व्हाइट हाउस की प्रवक्ता लॉरेन बिस ने कहा, 'इनमें से कोई भी आरोप सच नहीं है। यह पागल डेमोक्रेट्स की एक हताश कोशिश है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रपति ट्रम्प की ऐतिहासिक उपलब्धियों के कारण रिपब्लिकन पार्टी को मिल रहे भारी समर्थन से जनता का ध्यान भटकाना है।'
प्रवक्ता ने आगे कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने जेफ्री एपस्टीन को बहुत पहले ही मार-ए-लागो क्लब से निकाल दिया था और एपस्टीन से जुड़ी किसी भी जांच में राष्ट्रपति को पूरी तरह से क्लीन चिट मिली हुई है।'
केउल के आरोपों के संबंध में ट्रम्प पर किसी अपराध का आरोप नहीं लगाया गया है। यह रिपोर्ट एपस्टीन के साथ उनके संबंधों के दावों की पड़ताल करती है एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों से जुड़े सेक्स ट्रैफिकिंग रैकेट को चलाने का आरोप था।
