कैलिफोर्निया के जंगलों में प्रतिदिन 24 किमी की रफ्तार से फैल रही आग, अब तक 11 लोगों की मौत
उत्तरी कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग को प्रांत के इतिहास का बड़ा अग्निकांड माना जा रहा है। अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
कैलिफोर्निया, एपी। उत्तरी कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग को प्रांत के इतिहास का बड़ा अग्निकांड माना जा रहा है। अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका है, क्योंकि 16 लोग अभी भी लापता हैं। आग के चलते अब तक पांच लाख से अधिक लोग घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं। दमकल विभाग का कहना है कि उन्होंने आग को कभी भी इतनी तेजी से फैलते नहीं देखा है। आग 24 किमी प्रतिदिन की रफ्तार से फैल रही है।
इस वर्ष अब तक 4,800 वर्ग मील (12,500 वर्ग किलोमीटर) से अधिक जंगल आग की भेंट चढ़ चुके हैं। यह इलाका रोड आइलैंड, डेलावेयर और वाशिंगटन डीसी के कुल क्षेत्रफल से भी अधिक है। अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है और पूरे कैलिफोर्निया में चार हजार से अधिक इमारतें पूरी तरह ध्वस्त हो गई हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गवर्नर गेविन न्यूसोम से बात की और मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के साथ ही प्रांत को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
जंगलों में लगी आग से सिर्फ कैलिफोर्निया ही प्रभावित नहीं है। पड़ोसी ओरेगन और वाशिंगटन प्रांत में भी इससे खासा नुकसान हुआ है। ओरेगन में 1500 वर्ग मील (3,625 वर्ग किलोमीटर) जंगल आग की भेंट चढ़ चुके हैं। वाशिंगटन में लगभग 937 वर्ग मील (2,426 किलोमीटर) जंगल आग से नष्ट हो चुके हैं।
आग से हो रहे नुकसान को लेकर कैलिफोर्निया के गवर्नर गाविन न्यूजोम ने चिंता जाहिर करते हुए कहा था कि इस वर्ष जंगलों में लगी आग में वन्य जीवों को रिकॉर्ड क्षति पहुंची है। आग बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। न्यूजोम ने कहा कि 2020 में आग ने अब तक कई लाख एकड़ भूमि को नष्ट कर दिया है। उन्होंमे आगे कहा कि इससे पहले वर्ष 2019 में 118,000 एकड़ भूमि में आग का विस्तार हुआ था।