बिल क्लिंटन के घर में लगी आग, कोई हताहत नहीं
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के न्यूयॉर्क स्थित घर में आग लग गई।
न्यूयॉर्क, रायटर। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और 2016 में राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक प्रत्याशी रहीं हिलेरी क्लिंटन के न्यूयॉर्क स्थित घर में आग लग गई। आग घर के पिछले हिस्से में खुफिया सेवाओं के लिए बनी इमारत में लगी। हालांकि इस पर तुरंत काबू पा लिया गया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस दौरान क्लिंटन दंपती घर में मौजूद नहीं था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खुफिया सेवाओं के एक कर्मचारी ने बुधवार देर रात 2.40 बजे दूसरी मंजिल की छत पर आग लगने की सूचना दी। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत पहुंचकर आग की लपटों को नियंत्रित कर लिया। आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है।
क्लिंटन दंपती ने 1999 में 5,232 वर्ग फीट क्षेत्र में फैले इस घर को 17 लाख डॉलर (करीब 10.78 करोड़ रुपये) में खरीदा था। यह घर न्यूयॉर्क सिटी से करीब 64 किमी दूर चप्पाक्वा में स्थित है। बिल क्लिंटन 1993 से 2001 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे थे जबकि उनकी पत्नी हिलेरी बराक ओबामा के राष्ट्रपति रहने के दौरान 2009 से 2013 तक अमेरिका की विदेश मंत्री थीं।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति नहीं बनना चाहते थे ट्रंप, इस वजह से रो पड़ीं थीं मेलानिया