पचास हजार भारतीयों को मिली अमेरिकी नागरिकता
अमेरिकी नागरिकता पाने के मामले में मेक्सिको के बाद भारतीय नागरिक दूसरे स्थान पर हैं।
वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका ने पिछले साल 50 हजार से ज्यादा भारतीयों को अपनी नागरिकता प्रदान की। अमेरिकी नागरिकता पाने के मामले में मेक्सिको के बाद भारतीय नागरिक दूसरे स्थान पर हैं।
अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) की नई रिपोर्ट के अनुसार, साल 2017 में 50,802 भारतीयों को अमेरिकी नागरिकता दी गई। यह संख्या 2016 की तुलना में चार हजार ज्यादा है। साल 2016 में 46,188 भारतीयों को अमेरिकी नागरिकता मिली थी जबकि साल 2015 में 42,213 भारतीयों ने अमेरिकी नागरिकता हासिल की थी।
डीएचएस के मुताबिक, 2017 में कुल 7,07,265 विदेशियों को अमेरिकी नागरिकता दी गई। नागरिकता पाने वाले विदेशी नागरिकों की सूची में मेक्सिको शीर्ष पर है। मेक्सिको के 1,18,559 नागरिकों को अमेरिकी नागरिकता मिली। अमेरिकी नागरिकता पाने वाले देशों की सूची में भारत दूसरे स्थान पर है। इसके बाद चीन (37,674), फिलीपींस (36,828), डोमिनिकन गणराज्य (29,734) और क्यूबा (25,961) का स्थान है।
पुरुषों से ज्यादा महिलाओं को मिली नागरिकता
डीएचएस के आंकड़ों से यह भी जाहिर होता है कि पुरुषों (3,10,987) की अपेक्षा महिलाओं (3,96,234) को ज्यादा अमेरिकी नागरिकता मिली।
कैलिफोर्निया, न्यूजर्सी में बसे भारतीय
डीएचएस के आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका की नई नागरिकता पाने वाले 12 हजार से ज्यादा भारतीय कैलिफोर्निया में बसे। इसके बाद भारतीयों ने न्यूजर्सी (5,900) और टेक्सास (3,700) को रहने के लिए चुना है।